Archive | मुख्य

किशोर चले राहुल की ओर

Posted on 01 March 2016 by admin

मोदी और उनके परम अनुयायियों ने साल 2014 की भारी भरकम जीत के बाद भले ही जीत की व्यूह रचना गढ़ने में एक अहम भूमिका निभाने वाले प्रशांत किशोर को बाहर का रास्ता दिखा दिया हो, पर मोदी कैंप से बाहर निकल कर भी प्रशांत के अच्छे दिन आ गए हैं। पहले बिहार में नीतीश की विजय को परवान चढ़ाया, फिर राहुल से मिले तो राहुल ने उन्हें कैप्टन अमरिंदर के पास भेज दिया, पंजाब में भले ही कांग्रेस की संभावनाएं प्रबल ना हों, राहुल व प्रियंका की जोड़ी ने प्रशांत से यूपी चुनाव 2017 की रणनीति तैयार करने को कहा है। पिछले दिनों दिल्ली में राहुल गांधी की मौजूदगी में कई प्रमुख कांग्रेसी नेताओं, मसलन मधुसूदन मिस्त्री, निर्मल खत्री की उपस्थिति में प्रशांत ने यूपी को लेकर जो प्रेजेंटेशन दिया, उससे राहुल खासे उत्साहित नज़र आए। अब मधुसूदन मिस्त्री और प्रशांत किशोर की जोड़ी यह तय करने वाली है कि यूपी में किस कांग्रेसी नेता के हाथों पार्टी की बागडोर सौंपी जाए। प्रशांत के ’ मिशन यूपी’ में प्रियंका भी उतनी ही दिलचस्पी दिखा रही है।

Comments Off on किशोर चले राहुल की ओर

प्रियंका कांग्रेस की नई रणनीतिकार

Posted on 23 February 2016 by admin

प्रियंका गांधी वाड्रा कांग्रेस के नए रणनीतिकारों में शामिल हो गई हैं, उन्होंने न सिर्फ 2017 के यूपी विधानसभा चुनाव का मोर्चा संभाल रखा है, अपितु हर महत्त्वपूर्ण मसले पर वह राहुल को अपनी अहम राय से भी अवगत करा रही हैं। कन्हैया मसले पर राहुल की रणनीतियों को अंजाम तक पहुंचाने की जिम्मेदारी भी कहते हैं प्रियंका ने उठा रखी है, चुनांचे चाहे राहुल का जेएनयू दौरा हो या फिर ’यूपी-यात्रा’ सूत्र बताते हैं कि राहुल को वहां जाने के लिए प्रियंका ने ही मनाया, जबकि स्वयं राहुल बिना किसी जल्दबाजी के फिलहाल हवा का रुख भांपना चाहते थे। यूपी चुनाव को लेकर भी प्रियंका ने कांग्रेस की संभावनाओं को आंकने के लिए एक नामचीन सर्वेक्षण एजेंसी से वहां एक बड़ा जनमत सर्वेक्षण करवाया है। सूत्रों की माने तो पिछले दिनों नई दिल्ली के जवाहर भवन में प्रियंका की इस एजेंसी के कर्णधारों से एक लंबी मुलाकात हुई, जहां प्रियंका ने सीट दर सीट इन सर्वेक्षण नतीजों पर चर्चा की। कहते हैं प्रियंका ने इस एजेंसी से कहा है कि वह यूपी चुनाव में सही प्रत्याशी ढूंढने में भी उनकी मदद करे, इस पूरी मुलाकात में प्रियंका की चिंता इस बात को लेकर ज्यादा थी कि किसी भी प्रकार से यूपी में कांग्रेस की सीटें भाजपा की सीटों से ज्यादा आनी चाहिए।

Comments Off on प्रियंका कांग्रेस की नई रणनीतिकार

कौन हैं कन्हैया के खेवैया?

Posted on 23 February 2016 by admin

जेएनयू विवाद और वहां के छात्र संघ के अध्यक्ष कन्हैया के जमानत को लेकर मोदी सरकार ने अपनी रणनीति बदली है और अब वह इस मामले को ज्यादा तूल नहीं देना चाहती। माना जा रहा है कि इससे आने वाले दिनों में कन्हैया की रिहाई का मार्ग प्रशस्त हो गया है। सूत्र बताते हैं कि पुलिसिया पूछताछ में कन्हैया ने जिन 10 छात्र-छात्राओं के नाम लिए हैं, उनमें प्रमुख वामपंथी नेता डी.राजा की बेटी अपराजिता का नाम भी शामिल है, चुनांचे सरकार के कर्णधारों को ऐसा लगता है कि संसद का बजट सत्र यूं सिर पर है, लिहाजा अगर अभी से इस मुद्दे पर लगाम नहीं लगाया गया तो कम्यूनिस्ट भी कांग्रेस के साथ मिलकर संसद का चलना मुश्किल कर देगी। सूत्र बताते हैं कि कन्हैया ने 9 फरवरी की घटना को परवान चढ़ाने वाले जो 10 विद्यार्थियों के नाम लिए हैं इसमें 6 छात्राएं शामिल हैं, चुनांचे इस कड़ी में अगर किसी लड़की की गिरफ्तारी होती है तो मामला और तूल पकड़ सकता है। जिसका फायदा वामपंथी दल बंगाल चुनावों में भी उठाना चाहेंगे। यही वजह है कि कन्हैया की जमानत को लेकर सरकार ने अपने तेवर किंचित ढीले कर दिए हैं, ऐसे में कन्हैया को जमानत मिलने की संभावनाएं और ज्यादा प्रबल हो गई है।

Comments Off on कौन हैं कन्हैया के खेवैया?

गुलाम नबी ने अपना लोहा मनवाया

Posted on 23 February 2016 by admin

नेपथ्य की राजनीति करने वाले वरिष्ठ कांग्रेसी नेता गुलाम नबी आजाद ने तमिलनाडु चुनाव को लेकर पार्टी में अपना लोहा मनवा लिया है। पार्टी कोर कमेटी की बैठक में कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी ने भी तमिलनाडु को लेकर हथियार डाल दिए थे। सूत्र बताते हैं कि राहुल ने पार्टी नेताओं से तमिलनाडु के बजाए केरल चुनाव पर अपना ध्यान फोकस करने को कहा, चूंकि राहुल को केरल में कांग्रेस के लिए अब भी प्रचुर संभावनाएं दिख रही हैं। पार्टी के नई पीढ़ी के नेतृत्व से तालमेल बिठा पाने में असहज महसूस कर रहे गुलाम नबी आजाद फौरन सोनिया से जाकर मिले और उनसे कहा कि उन्हें एक आखिरी मौका दिया जाए, डीएमके प्रमुख करूणानिधि से उनके बहुत पुराने रिश्ते हैं, चुनांचे वे कांग्रेस के लिए वहां गठबंधन की एक नई ज़मीन तलाश कर सकते हैं। सोनिया से हरी झंडी मिलने के बाद गुलाम नबी आजाद ने चैन्नई में अपना डेरा-डंडा जमा लिया और उन्होंने एक-एक करके करूणानिधि, विजयकांत और रामदोस से बात की और एक नए गठबंधन के प्रारूप को सिरे चढ़ाया, इस गठबंधन में कांग्रेस अपने लिए 35 सीटें मांग रही है, करूणानिधि 15 देने को तैयार हैं, चुनांचे 20-22 सीटों पर बात बन सकती है, जिससे कि राज्य के विधानसभा चुनाव में कांग्रेस अपनी उपस्थिति दर्ज करा सके, दरअसल गुलाम नबी आजाद की असली रणनीति 2019 के लोकसभा चुनाव को लेकर है, अगर कांग्रेस इसी गठबंधन के तहत चुनाव में जाती है तो गुलाम नबी को भरोसा है कि तब कांग्रेस 8-10 सीटें जीतने की स्थिति में रहेंगी। शायद यही वजह है कि इन दिनों राहुल गांधी भी गुलाम नबी को कुछ ज्यादा ही भाव दे रहे हैं।

Comments Off on गुलाम नबी ने अपना लोहा मनवाया

महिमा महेश की

Posted on 23 February 2016 by admin

केंद्रीय मंत्री महेश शर्मा भगवा सियासत के एक महत्त्वपूर्ण खिलाड़ी बन कर उभरे हैं, उनके इस हालिया अभ्युदय से यूपी के कद्दावर नेताओं में भी एक बैचेनी का आलम व्याप्त है। व्यवहार कुशल और मिलनसार महेश शर्मा के घर का दरवाजा यूपी वालों के लिए हमेषा खुला भी रहता है, चुनांचे स्थानीय नेताओं, उद्योगपतियों और मीडियाकर्मियों की मौजूदगी में शर्मा गाहे-बगाहे परोक्ष-अपरोक्ष तौर पर यह जताना भी नहीं भूलते हैं कि उनके तार किस मानिंद पीएम और पीएमओ से जुड़े हुए हैं। सियासी बाजीगरी में माहिर शर्मा इसके लिए कई स्वांग भी रच लेते हैं, जैसे लोगों की मौजूदगी में वे पीएमओ में फोन करके पूछ लेते हैं कि उन्हें कितने बजे पीएमओ आना है? यूपी के एक उद्योगपति ने यह ख़बर प्रदेश के सबसे कद्दावर भगवा नेता राजनाथ सिंह तक पहुंचा दी कि क्या इन दिनों शर्मा पीएम के सबसे करीबी व्यक्तियों में शुमार हो गए हैं? सूत्र बताते हैं कि जब राजनाथ से रहा न गया तो उन्होंने एक दिन इस बात की चर्चा सीधे पीएम से कर ली। सूत्र बताते हैं कि राजनाथ के मासूम सवाल पर मोदी ने हंसकर कहा-’ऐसी कोई बात नहीं है, चूंकि महेश शर्मा उनके संसदीय क्षेत्र वाराणसी का कार्यभार संभाल रहे हैं तो इस नाते उनका पीएमओ आना-जाना लगा रहता है, यह एक रूटीन कार्य है। मुझसे उनका मिलना कम ही हो पाता है। वे अपनी ’प्रोग्रेस रिपोर्ट’ हमारे अधिकारियों को देकर चले जाते हैं।’ पीएम ने राजनाथ को यह भी बताया कि पहले उन्होंने यह कार्य रेल राज्य मंत्री मनोज सिन्हा को सौंपा था, पर वे शर्मा की तुलना में इतने व्यवहारकुशल नहीं है। ये बातें सुनने के बाद ही ठाकुर नेता की सांस में सांस आई।

Comments Off on महिमा महेश की

पंजाब में आप का जाप

Posted on 23 February 2016 by admin

पंजाब में आम आदमी पार्टी का ग्राफ इन दिनों सबसे ऊपर है, कई जनमत सर्वेक्षणों में यह दावा किया जा रहा है कि वहां आप भारी बहुमत से सत्ता में आ सकती है। हवा के रुख को भांपते हुए आप ने मनीष सिसौदिया और संजय सिंह को यह अहम जिम्मेदारी सौंपी है कि वह पंजाब में आप की ओर से सीएम प्रत्याशी का चयन करे, ताकि उनके चेहरे को सामने रखकर चुनाव में उतरा जा सके। फिलवक्त तीन नाम रेस में बताए जाते हैं-एम एच फुल्का, सुच्चा सिंह छोटेपुर और भगवंत मान। पार्टी लगातार भाजपा असंतुष्ट नवजोत सिंह सिद्धू के भी संपर्क में है, जो मन ही मन चाहते हैं कि आप अगर उन्हें अपनी ओर से सीएम कैंडिडेट के तौर पर पेश करे तो वह सहर्ष आम आदमी पार्टी ज्वॉइन करने को तैयार है। पर सूत्र बताते हैं कि आप की ओर से उन्हें प्रस्ताव दिया गया है कि अगर सिद्धू पार्टी ज्वॉइन करते हैं तो आप उन्हें राज्यसभा में भेजने का इरादा रखती है, साथ ही सिद्धू की डॉक्टर पत्नी को पार्टी न सिर्फ टिकट देगी, अपितु आप सरकार के गठन की सूरत में कोई अहम मंत्रालय भी दे सकती है। गेंद सिद्धू के पाले में है और यह उन्हें बखूबी आता है कि कैसे किसी बाउंसर गेंद को सीमा रेखा से बाहर पहुंचाई जाए।

Comments Off on पंजाब में आप का जाप

टीम प्लेयर बनते कैप्टन

Posted on 23 February 2016 by admin

नीतीश कुमार को बिहार में विजयश्री दिलवाने में एक अहम भूमिका निभाने वाले प्रशांत किशोर पंजाब में कैप्टन अमरिंदर सिंह के लिए सटीक रणनीतियां बुनने में जुटे हैं। अब कैप्टन की राजनैतिक शैली पर ’ किशोर इफेक्ट’ दिखने लगा है। मसलन कैप्टन ने इन दिनों अपने उन दो चहेतों से भी दूरियां बढ़ा ली है, जिनसे उन्होंने सोनिया के कहने पर भी कुट्टी नहीं की थी, इनमें से एक उनके मीडिया सलाहकार भारतेंदर चहल हैं तो दूसरे उनके सबसे करीबियों में शुमार होने वाले विधायक राणा सोढी हैं। अपनी हेकड़ी में रहने वाले कैप्टन में काफी बदलाव दिख रहा है, वे कॉलेजों में छात्रों के बीच जा रहे हैं, लोगों को अपने साथ ’सेल्फी’ लेने का मौका दे रहे हैं। उनकी दिनचर्या में भी बदलाव आया है, कैप्टन लोगों को बकायदा बता रहे हैं कि अब वे सात बजे सुबह ही उठ जाते हैं, रोज सुबह नियम से पाठ करते हैं। अपनी गाड़ी में हमेशा ’जपजी’ रखते हैं और उन्होंने यह भी ऐलान किया है कि अपने परिवार के किसी भी सदस्य को वे कांग्रेस का टिकट नहीं देंगे। कैप्टन की ऐसी भंगिमाओं से कम से कम कांग्रेस मुकाबले में आती तो दिख रही है।

Comments Off on टीम प्लेयर बनते कैप्टन

पास हुए पासवान जी

Posted on 25 January 2016 by admin

जब से इन चर्चाओं को पंख लगे हैं कि बिहार में करारी हार के बाद बिहार कोटे के कई मंत्रियों के ऊपर गाज गिर सकती है, तब से केंद्रीय खाद्य आपूर्त्ति मंत्री राम विलास पासवान पूरी तरह से मोदीमय हो गए हैं। मोदी सरकार के 19 महीने पूरे होने के उपलक्ष्य में पासवान साहब ने अपने दफ्तर के बजाए अपने घर पर एक प्रेस-वार्ता रखी। प्रेस-वार्ता कोई डेढ़ घंटे चली, जहां पासवान जी अपने पसंदीदा जुमलों-’मान लेते हैं’ ’जो है कि’ ’क्या कहते हैं’ से लैस थे। अपने मंत्रालय की हर एक उपलब्धियों का क्रेडिट उन्होंने सिर्फ और सिर्फ प्रधानमंत्री को दिया। बैक ड्रॉप पर भी सिर्फ और सिर्फ मोदी की ही फोटो लगी थी। बेहद योजनाबद्ध तरीके से पूरे प्रेस-कांफ्रेंस के दौरान उन्होंने अपने भाई रामचंद्र पासवान और सांसद पुत्र चिराग पासवान को घर के अंदर रहने के ही निर्देश दिए थे। जैसे ही प्रेस-कांफ्रेंस खत्म हुई और भोजन परोसा जाने लगा अपने चिरपरिचित अंदाज में चिराग और रामचंद्र पासवान घर से निकल कर बाहर आए। चिराग गर्मजोशी के साथ पत्रकारों से मिलने लगे तो एक पत्रकार ने हैदराबाद के दलित छात्र राहुल की खुदकुशी के मसले पर चिराग को घेरा और जानना चाहा कि इस मुद्दे पर उनकी पार्टी का क्या स्टैंड है? चिराग का फौरी जवाब हाजिर था-’हमने रामचंद्र पासवान जी की अध्यक्षता में एक फैक्ट फाइडिंग कमेटी बना दी थी, कल रात ही इस कमेटी ने अपनी रिपोर्ट मुझे सौंप दी है, मैं इसका अध्ययन कर रहा हूं, और जरूरी हुआ तो इस बारे में प्रधानमंत्री जी से बात करेंगे।’ जवाब सुनकर पासवान जी का सीना गर्व से चौड़ा हो गया, वे अपनी राजनैतिक विरासत को अपनी आंखों के समक्ष आगे बढ़ता देख रहे थे।

Comments Off on पास हुए पासवान जी

60 की हुई बहिन जी

Posted on 25 January 2016 by admin

क्या बसपा सुप्रीमो मायावती बदल गई हैं? या बदले सियासी अवतार में उन्हें कोई नई अंतर्दृष्टि प्राप्त हुई है? अपना जन्मदिन बेहद धूम धड़ाके, शोर शराबे और भयंकर चकाचौंध में मनाने की आदी बहिन जी ने इस दफे अपना 60वां जन्मदिन बेहद शालीनता से मनाया, वह भी दिल्ली के अपने सरकारी निवास पर। यूपी में बदली बयार का आभास पाकर उनके जन्मदिन के मौके पर 15 जनवरी को राज्य की पूरी बिल्डर लॉबी वहां कदमताल करती नज़र आई। तमाम जनमत सर्वेक्षण जैसा कि इशारा कर रहे हैं कानून व्यवस्था और गवर्नेंस के मुद्दे पर मायावती की यूपी में 2017 के चुनाव में गाजे-बाजे के साथ वापसी हो सकती है, सो उनके जन्मदिन के मौके पर यूपी सरकार के वरिष्ठ नौकरशाह महंगे तोहफों के साथ देर रात तक मायावती दरबार में हाजिरी बजाते दिखे। इनमें वैसे अफसर भी शामिल थे जो मायावती राज में मलाईदार ओहदों पर काबिज रहने के बावजूद अखिलेश सरकार में भी अपने लिए खास जगह बना पाने में कामयाब रहे।

Comments Off on 60 की हुई बहिन जी

पठानकोट के निशान

Posted on 25 January 2016 by admin

पठानकोट मामले में तथ्यों पर लीपा-पोती के दौर शुरू हो गए हैं। काफी कड़ी मशक्कत के बाद भी एनआईए एसपी सलविंदर सिंह से कोई ठोस जानकारी हासिल नहीं कर पा रही है, घूम-फिर कर यह सारा मामला ड्रग-पैडलर्स के ऊपर जा ठहरता है। रही बात इतने असलाह-विस्फोटक के अंदर पहुंचने की तो खुफिया एजेंसियां खुद ही हैरान हैं कि इतनी कड़ी सुरक्षा व्यवस्था में जहां चारो ओर दीवार खड़ी है, गेट पर हर तरफ सुरक्षाकर्मी तैनात हैं। क्लोज सर्किट कैमरे लगे हैं तो इतने विस्फोटक और हथियार आतंकी कैंपस के अंदर किस भांति ले जा पाने में कामयाब रहे? फिर खुलासा हुआ कि उस वक्त कैमरे काम नहीं कर रहे थे। अब यह जांच चल रही है कि क्या कैमरों को सुनियोजित तरीके से बंद किया गया या यह सुरक्षा में एक गंभीर चूक थी? इस पूरे मसले पर आर्मी, एयरफोर्स और एनएसए के बीच मनमुटाव की खबरें भी बाहर आ रही हैं। आर्मी के अंदर से एक खबर निकल कर आई कि इस पूरे ऑपरेशन के दौरान तीन बार कमांड चेंज हुई, सूत्र बताते हैं कि अजित डोभाल ने इस खबर पर गहरी आपत्ति जताई, एनएसए ने साफ कर दिया कि उनके साथ एयरफोर्स और आर्मी चीफ की बैठक में यह तय हुआ था कि इस पूरे ऑपरेशन की कमान सबसे सीनियर और काबिल आर्मी ऑफिसर दुष्यंत सिंह को सौंपी जाएगी। ऐसा ही हुआ, एनएसए ने साफ कर दिया कि पूरे ऑपरेशन में कमान एक ही हाथ में रही। पर पूरे परिसर की सुरक्षा का जिम्मा एयरफोर्स का था, सो अब इस बात की पड़ताल की जा रही है कि चूक सुरक्षा में हुई या घर के अंदर के कुछ विभीषणों ने भी आतंकियों की मदद की?

Comments Off on पठानकोट के निशान

Download
GossipGuru App
Now!!