Posted on 20 February 2023 by admin
कांग्रेस के रायपुर अधिवेशन पर अनिश्चय का साया मंडराने लगा है, कांग्रेस का यह 85वां अधिवेशन पहले 24 से 26 फरवरी यानी तीन दिनों के लिए रायपुर में आहूत था, अब माना जा रहा है कि अधिवेशन अब 24 के बजाए 25 को शुरू होकर 26 को खत्म हो जाएगा। इस सम्मेलन पर सबकी निगाहें इसीलिए भी टिकी थी कि 26 साल बाद कांग्रेस कार्यसमिति के चुनाव होने थे। पर अब माना जा रहा है कि सीडब्ल्यूसी के यह चुनाव अब टल जाएंगे, पार्टी अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे को हाथ उठा कर कार्यसमिति के लिए प्रतिनिधि चुनने के लिए अधिकृत कर दिया जाएगा, जिसका फैसला वे दिल्ली लौट कर करेंगे। कांग्रेस कार्यसमिति के 23 सदस्यों में से 12 का एआईसीसी प्रतिनिधियों द्वारा चुनाव होना था, 11 सदस्य अध्यक्ष द्वारा नामित होने थे। पर लगता है अब चुनाव नहीं होगा, क्योंकि एआईसीसी लिस्ट में भी गड़बड़ियों के संकेत मिले हैं। 29 राज्यों व केंद्र शासित प्रदेशों के लगभग 1300 एआईसीसी प्रतिनिधियों की सूची और पीसीसी प्रदत्त सूची की गिनतियों में अंतर मिले हैं, इससे चुनाव समिति के मधुसूदन मिस्त्री और वीपी सिंह की भूमिका पर सवाल खडे़ हो गए हैं कि इन्होंने अपने पसंदीदा लोगों के नाम सूची में डाल दिए हैं। कमोबेश ऐसी ही गड़बड़ियां अध्यक्ष के चुनाव के दौरान भी डेलीगेट्स की सूची में देखने को मिली थी।
Posted on 20 February 2023 by admin
भाजपा के कद्दावर नेता मुख्तार अब्बास नकवी की भले ही राज्यसभा सदस्यतता चली गई हो, मंत्री पद चला गया हो पर उनके हौसलों ने उड़ान भरना अब भी जारी रखा हुआ है। जब देशभर में खास कर यूपी-बिहार जैसे राज्यों में रामचरित मानस को लेकर बवाल मचा हुआ है, नकवी ने मुस्लिम बहुल इलाकों खासकर रामपुर के रठौंडा किसान मेले में ’जय श्रीराम रामायण’ का भव्य मंचन करवाने का निर्णय लिया है। महाशिवरात्रि के मौके पर 3 मार्च को रामचरित मानस पर आधारित तीन घंटे का यह भव्य मंचन होगा। रामानंद सागर के चर्चित टीवी धारावाहिक के कई चर्चित चेहरे इस मंचन का हिस्सा होंगे। जिसमें पुनीत इस्सर से लेकर बिंदु दारा सिंह के नाम शामिल बताए जाते हैं। इस रामायण मंचन में आधुनिक तकनीक और श्री रामचरित मानस के विभिन्न प्रसंगों को दमदार ढंग से एक सूत्र में पिरोया जा रहा है। सनद रहे कि पिछले साल इसी मेले में नकवी ने महाभारत का भी मंचन करवाया था। यहीं वह ऐतिहासिक शिव मंदिर भी अवस्थित है जहां लाखों लोग महाशिवरात्रि के मौके पर जलाभिषेक के लिए जुटते हैं, नकवी ने भी गुरुवार को इस मेले के उद्घाटन के दौरान शिव मंदिर जाकर वहां जलाभिषेक भी किया।
Posted on 20 February 2023 by admin
‘यूपी इन्वेस्टर समिट’ की सफलता से गद्गद् यूपी के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को दिल्ली से एक नया संदेशा प्राप्त हुआ है जिसमें उनसे कहा गया है कि ’वे प्रदेश में निकाय चुनावों की तारीखों को जल्द से जल्द सुनिश्चित करें।’ योगी को यह भी संदेश दिया गया है कि ’जब तक राज्य में निकाय चुनाव संपन्न नहीं हो जाते तब तक उनका लंबे समय से लंबित मंत्रिमंडल का फेरबदल अटका रह सकता है।’ दरअसल पिछले कुछ समय से योगी अपने मंत्रिमंडल में एक बड़े फेरबदल की कवायद में जुटे हैं, जहां उनके कई पुराने मंत्रियों की छुट्टी होनी है और कई नए चेहरों को मंत्रिमंडल में जगह मिलनी है। दरअसल, यूपी निकाय चुनाव इस पेंचोखम में उलझा है कि वहां आरक्षण के फार्मूले को अभी तक अंतिम रूप नहीं दिया जा सका है। वह आरक्षण फार्मूला वहां अभी भी लंबित पड़ा है, जिसके तहत 17 नगर निगमों के मेयर, 200 नगर निगमों के अध्यक्ष तथा 546 नगर पंचायतों के अध्यक्षों के लिए आरक्षण का फार्मूला तय होना है। सनद रहे कि नगर निगम चुनाव की समय सीमा पिछले 5 जनवरी को ही समाप्त हो चुकी है। योगी ने फिलहाल दिल्ली इत्तला भेज दी है कि ’अभी चुनाव की प्रक्रियाओं को अंतिम रूप दिया जा रहा है।’ लगता है योगी को भी अपने लिए सही वक्त का इंतजार है।
Posted on 20 February 2023 by admin
’हम बेखबर ही रहते अगर तेरा इस ओर आना न होता
यह हसीन शाम रूठी ही रहती अगर सूरज का जाना न होता’
देश की नई राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने जब से राष्ट्रपति भवन में कदम रखा है यहां की आबोहवा बदल गई है। राष्ट्रपति भवन के अधिकारियों और कर्मचारियों के लिए यह सुकून भरे एक ठंडे हवा के झोंके की मानिंद है, अपने पूर्ववर्तियों से दीगर राष्ट्रपति मुर्मू ने आते ही कई घोषित मिथक तोड़ डाले हैं, राष्ट्रपति भवन के कर्मचारियों को याद नहीं आता है कि अब से पहले किसी राष्ट्रपति ने अपने निजी खर्चे से उनके और उनके बच्चों के लिए दीपावली की मिठाईयां भेजी हों। सूत्र बताते हैं कि ’राष्ट्रपति का अकेले मिठाई के डब्बों और उपहार पर कोई दो से ढाई लाख का खर्च आया था, जिसे उन्होंने खुद वहन किया।’ राष्ट्रपति भवन के कर्मचारी गण उनकी सादगी, शालीनता और जीवन जीने की सरलता के कायल हो गए हैं। वह अलस्सुबह तीन बजे उठ जाती हैं, फिर कोई घंटे भरे योग और ध्यान का नियमित अभ्यास करती हैं, फिर चार बजे मार्निंग वॉक के लिए निकल जाती है, जो लगभग पौने घंटे की होती है। अब राष्ट्रपति भवन के किचन में बिना प्याज-लहसुन के केवल शाकाहारी भोजन पकता है, मांसाहारी भोजन का प्रचलन बंद हो गया है। राष्ट्रपति भवन का किचन भी रात दस बजे तक बंद करने को कह दिया गया है। पहले देर रात ड्युटी खत्म कर घर जाने वाले कर्मचारियों को कोई यात्रा भत्ता भी नहीं मिलता था, अब यह मिलने लगा है। राष्ट्रपति को भली भांति इस बात का इल्म है कि नए भारत का चेहरा सबसे ज्यादा देश के युवाओं से मिल कर बनता है, सो युवाओं से जुड़ने और उनकी प्रति आशाओं को ठीक से समझने के लिए वह सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘फेसबुक’ पर भी अपना काफी समय लगाती हैं, अपने उद्बोधनों के लिए छोटे-छोटे नोट्स बनाती हैं, जिन्हें उनके मुख्य भाषण में शामिल कर लिया जाता है। शीर्ष बदलेगा तो यकीनन इसकी महक देश की तासीर में भी महसूस होगी।
Posted on 20 February 2023 by admin
भारत जोड़ो यात्रा के प्रथम चरण की समाप्ति के बाद प्रियंका गांधी ने ’हाथ से हाथ जोड़ो अभियान’ के तहत 24 महिला केंद्रित कार्यक्रमों की रूप रेखा तैयार की थी। यह अभियान आधी आबादी यानी महिलाओं से जुड़े मुद्दों पर केंद्रित था। पर राहुल गांधी का ऑफिस चाहता था कि ’ऐसे कार्यक्रमों में जहां दस हजार से ज्यादा की भीड़ जुट सकती है, वहां राहुल को बुलाया जाए अन्यथा प्रियंका अपना कार्यक्रम बकायदा जारी रख सकती हैं।’ पर कोई तो वजह होगी कि इस कार्यक्रम की तारीखों को लेकर अब भी असमंजस की स्थिति बनी हुई है।
Posted on 20 February 2023 by admin
भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा के छोटे पुत्र हरीश नड्डा का आशीर्वाद समारोह इस 5 फरवरी को नई दिल्ली के जवाहर लाल नेहरू स्टेडियम स्थित भीष्म पितामह मैदान में आहूत था। जिसमें प्रधानमंत्री से लेकर तमाम केंद्रीय मंत्रियों, भाजपा शासित राज्यों के मुख्यमंत्री गण, भगवा सांसद और विधायकों की उपस्थिति दर्ज हुई। कहते हैं भाजपाध्यक्ष ने अपने पुत्र के इस रिसेप्शन समारोह के लिए ढाई हजार के आसपास हाईटेक निमंत्रण कार्ड बांटे थे, पर भाजपा वालों का हुजूम इस कदर उमड़ा कि मेहमानों की संख्या दस हजार पार कर गई। जबकि आयोजकों को उम्मीद थी कि 3,500 तक मेहमान जुट सकते हैं। भाजपा शासित राज्यों के तमाम मुख्यमंत्रियों के अलावा भाजपाध्यक्ष ने तीन गैर भाजपाई मुख्यमंत्रियों को भी आमंत्रित किया था। जिसमें से झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन और सिक्किम के मुख्यमंत्री प्रेमसिंह तमांग को समारोह में देखा गया। पर तीसरे आमंत्रित आंध्र के मुख्यमंत्री जगन मोहन रेड्डी नहीं आए, इसकी वजह बताई गई कि ’रेड्डी के ऑफिस से आमंत्रण कार्ड कहीं गुम हो गया।’ माना जाता है कि उन्होंने बाद में फोन कर वर-वधु को अपना आशीर्वाद दे दिया। सनद रहे कि नड्डा जी के छोटे सुपुत्र हरीश का विवाह जयपुर के एक होटल व्यवसायी रमाकांत शर्मा की पुत्री रिद्धी के साथ 25 जनवरी को जयपुर में संपन्न हुआ था। इस रिसेप्शन समारोह में चर्चा का विषय वह ‘एआई सिस्टम’ था जो उपस्थित मेहमानों की शिनाख्त कर उनकी तस्वीर उनके मेल आईडी पर भेजने की दक्षता रखता था, एक सप्ताह के अंदर तमाम मेहमानों को समारोह की उनकी तस्वीर उनके मेल बॉक्स में मिल जानी है।
Posted on 20 February 2023 by admin
राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ की तीन दिवसीय प्रतिनिधि सभा 12 से 14 मार्च के बीच हरियाणा के सोनीपत जिले के समालखा में आहूत है। जिसमें संघ के तमाम आनुषांगिक संगठनों से जुड़े लगभग 2 हजार महत्वपूर्ण प्रतिनिधि हिस्सा लेंगे। इस बैठक को इस लिहाज से भी महत्वपूर्ण माना जा रहा है कि ’अभी पूर्वोत्तर के तीन राज्यों में विधानसभा चुनाव हो रहे हैं। इसके बाद छह अन्य राज्यों में विधानसभा चुनाव होने हैं और 2024 का आम चुनाव भी अब बस दरवाजे पर दस्तक दे रहा है।’ संघ प्रमुख मोहन भागवत पिछले कई बार से कई महत्वपूर्ण मुद्दों पर संघ की मान्य और पारंपरिक विचारधारा से हट कर बयान दे रहे हैं, इस सापेक्ष में 14 मार्च को संघ पदाधिकारियों का उनका संबोधन भी बेहद अहम माना जा रहा है।
Posted on 20 February 2023 by admin
दिल्ली के सियासी गलियारों में ऊंची रसूख रखने वाली उस महिला सांसद के हर तरफ चर्चे हैं, जिन्होंने दिल्ली भाजपा के उन तमाम नेताओं के मनुहारों की छुट्टी कर दी और एनडीएमसी में अपने वर्चस्व की पताका लहरा दी है। एनडीएमसी ने कई वर्ष बेहद मामूली लीज गारंटी पर नई दिल्ली के भीकाजी कामा प्लेस के सामने अपनी जमीन पर चार रेस्तरां चलाने की इजाजत दी थी। कुछ समय की मांग और कुछ इन रेस्तरां मालिकों की किस्मत रंग लाई कि इन दिनों इन रेस्तरां के यूथ में काफी क्रेज बढ़ गया और हर शाम यहां युवाओं की भारी भीड़ जुटने लगी, कहना न होगा कि इससे रेस्तरां मालिकों की चांदी हो गई। इस सांसद महोदया का कहना है कि ’ये रेस्तरां मालिक भरपूर मुनाफा पीट रहे थे, पर लीज गारंटी के नाम पर एनडीएमसी को बेहद मामूली रकम अदा कर रहे थे, क्योंकि इन्हें दिल्ली भाजपा के चंद बड़े नेताओं का आशीर्वाद प्राप्त है।’ वहीं विरोधी खेमे का कहना है कि ’सांसद महोदया ने आनन-फानन में इन चारों रेस्तरां के लाईसेंस सिर्फ इसीलिए रद्द करा दिए कि उन्हें अपनी पसंद के कुछ रेस्तरां वालों को उपकृत करना था।’ इस मामले ने इतना तूल पकड़ लिया है कि अब भाजपा शीर्ष को इसमें हस्तक्षेप करना पड़ रहा है।
Posted on 20 February 2023 by admin
गांधी परिवार के एक देदीप्यमान चिराग वरुण गांधी के बड़े भाई राहुल जब 3,600 किलोमीटर पैदल चल कर भारत जोड़ने का यत्न कर रहे थे, तो स्वभाव से कवि और रुचि से अध्येता वरुण नगरीकरण पर अपनी महत्वाकांक्षी पुस्तक ’द इंडियन मेट्रोपोलिस’ की प्रस्तुति को अंतिम रूप देने में जुटे थे। 824 पृष्ठों वाली इस भीमकाय पुस्तक ने आते ही मार्केट में धूम मचा दी और अपने पूर्ववर्ती प्रकाशनों की तरह धूम-धड़ाके के साथ ’बेस्ट सेलर’ श्रेणी में शुमार हो गई। 1,500 रुपए वाली इस पुस्तक को प्रकाशित करने वाले रूपा पब्लिकेशंस का दावा है कि ’इस किताब ने मार्केट में आते ही बिक्री के तमाम रिकार्ड तोड़ डाले। पहले दो दिन में ही इस पुस्तक की सात हजार से ज्यादा प्रतियां बिक चुकी है।’ प्रकाशक का दावा है कि ’उनका पहला प्रिंट रन ही एक लाख प्रतियों का है।’ प्रकाशक का यह भी कहना है कि ’वे बिक्री के इस लक्ष्य को आसानी से हासिल कर लेंगे क्योंकि इस पुस्तक ने आते ही एक बड़ा ‘हाईप’ बना लिया है।’ वरुण ने अपनी इस महत्वाकांक्षी पुस्तक में नगरीकरण के विभिन्न प्रारूपों और उनकी चुनौतियों का बेहद विस्तार से जिक्र किया है। आठ अध्यायों में समाहित इस अनुसंधानकारी पुस्तक में वाटर और सैनिटेशन, शहर में अपराध, स्वास्थ्य व्यवस्था, शहरी परिवहन, शहरी बेरोजगारी, सबके लिए सुगम घर जैसे जरूरी मुद्दों की गहन पड़ताल की गयी है।
Posted on 20 February 2023 by admin
मोदी मंत्रिमंडल का यह संभवतः आखिरी फेरबदल होगा। सूत्र बताते हैं कि भाजपा शीर्ष ने उस लिस्ट को अंतिम रूप दे दिया है कि ’किन मंत्रियों की छुट्टी होनी है और कौन-कौन नए चेहरे केंद्रीय मंत्रिमंडल में शामिल होने हैं।’ माना जा रहा है कि 22 फरवरी को आहूत कैबिनेट की बैठक में कई नए चेहरों के दीदार हो सकते हैं। तमाम मंत्रियों को इस बाबत इत्तला दी जा चुकी है कि 22 की कैबिनेट बैठक क्यों इतनी महत्वपूर्ण है, मंत्रियों से 22 को दिल्ली में ही बने रहने को कहा गया है। यहां तक कि मोदी सरकार के नंबर दो चेहरे अमित शाह ने भी 22 फरवरी का अपना पटना का कार्यक्रम रद्द कर दिया है। पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के मुताबिक केंद्रीय गृह मंत्री को उक्त रोज पटना के बापू सभागार में उपस्थित रहना था, इस कार्यक्रम के लिए शाह ने काफी पहले ही अपनी मंजूरी दे दी थी। ‘स्वामी सहजानंद सरस्वती जयंती समारोह’ का आयोजन किसान मजदूर समागम कर रहा है। सूत्र बताते हैं चूंकि केंद्रीय गृह मंत्री ही इस कार्यक्रम के मुख्य अतिथि थे, सो उनके कहने पर अब इस कार्यक्रम को 25 फरवरी के लिए खिसका दिया गया है। इस कार्यक्रम में शाह बिहार के किसानों को संबोधित करते हुए 2024 के आम चुनाव की अलख जगा सकते हैं।