| जब मंत्रीजी की लग गई क्लास |
|
June 07 2015 |
|
मोदी के इस मुंहलगे कैबिनेट मंत्री को इस बात का जरा भी इल्म नहीं था कि उनकी यह नादानी उन्हें इस कदर भारी पड़ने वाली है, मोदी के ढाका रवाना होने से ऐन पहले मंत्री जी ने उनसे मिलने का वक्त मांगा, थोड़ा अर्जेंट बताकर। सो, प्रधानमंत्री ने भी मंत्री जी को अपने 7 रेसकोर्स आवास पर बगैर देर किए मिलने को बुला लिया। मंत्री जी जब प्रधानमंत्री आवास पहुंचे तो अपने साथ उस मित्र उद्योगपति को भी ले गए, जो कांग्रेस के टिकट पर न सिर्फ 2014 का चुनाव हार गए थे, अपितु उनका नाम कोल ब्लॉक आबंटन मामले से भी जुड़ा है और उन पर इस बाबत कई मुकदमे भी चल रहे हैं। मंत्री जी वेटिंग रूम में अपनी बारी का इंतजार कर रहे थे, तो प्रधानमंत्री को उनके निजी सहायकों ने इस बाबत इतला दी कि मंत्री जी के साथ मिलने को और कौन आया है? खून का घूंट पीकर रह गए मोदी, उन्होंने केवल मंत्री जी को मिलने के लिए अंदर बुलाया और उनकी ऐसी क्लास ली कि मंत्रीजी पानी-पानी हो गए। पसीने से तरबतर वे कमरे से बाहर निकले और वेटिंग रूम में इंतजार कर रहे अपने मित्र उद्योगपति को साथ लिया और सीधे गाड़ी में जा बैठे। गाड़ी में सफर के दौरान उन्होंने उद्योगपति मित्र को बताया कि प्रधानमंत्री जी ने आश्वासन दिया है कि उनके साथ न्याय होगा और एक बार उन्हें कोल मामले में क्लीनचिट मिल जाए तो अगली बार उनसे मिल भी लेंगे, दोनों मित्रों के लिए दिल को बहलाने का ख्याल अच्छा था। |
| Feedback |