शताब्दी वर्ष की तैयारियों में जुटा संघ |
July 11 2023 |
डॉ. केशव हेडगेवार ने सन् 1925 में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ की नींव डाली थी, इस लिहाज से आने वाले 2025 में संघ अपनी स्थापना के 100 वर्ष पूरे कर लेगा। संघ ने अपने शताब्दी वर्ष को जोर शोर से मनाने की तैयारियां अभी से शुरू कर दी है। अभी देशभर में संघ की 55,000 शाखाएं लगती हैं, संघ का लक्ष्य 2025 तक इसे एक लाख करने का है। संघ का लक्ष्य गांव-गांव तक अपने विचारों के विस्तार का है, जिसके लिए संघ ने अपने नंबर दो दत्तात्रेय होसाबोले की अगुवाई में 3000 लोगों की एक टीम बनाई है, इस टीम को ’शताब्दी वर्ष विस्तारक’ के रूप में जाना जाएगा। ये विस्तारक गांव-गांव तक पहुंचेंगे, इनका लक्ष्य खास तौर पर दलित व घुमंतु जातियों को साधने का है। 10-12 गांवों को मिला कर ये विस्तारक इसे एक मंडल का रूप देंगे। उत्तर प्रदेश और बिहार जैसे राज्यों में यही विस्तारक ’एक गांव, एक कुआं और एक श्मशान’ की नीति को अमलीजामा पहनाएंगे। 2024 के आसन्न आम चुनाव के मद्देनज़र ये विस्तारक देशभर की जमीनी हकीकत और लोगों के मूड को खंगाल कर इसकी रिपोर्ट ऊपर तक देंगे यानी कहीं न कहीं भाजपा को भी इन शताब्दी वर्ष विस्तारकों के जमीनी फीडबैक का लाभ मिलने वाला है। |
Feedback |