भाजपा के लिए कर्नाटक अहम

February 14 2023


भाजपा के लिए कर्नाटक के आगामी विधानसभा चुनाव क्या मायने रखते हैं इसका पता बुधवार को संसद में पेश किए गए केंद्रीय बजट से चल जाता है। जब कर्नाटक के लिए 65 हजार करोड़ के सिंचाई योजना की घोषणा हुई। वैसे भी कर्नाटक में पार्टी ने जो हालिया जनमत सर्वेक्षण करवाए हैं उससे भाजपा शीर्ष की पेशानियों पर बल आ गए हैं। सो, राज्य की आगामी विधानसभा चुनाव में अपनी जीत पक्की करने के लिए पार्टी रणनीतिकार राज्य की एक प्रमुख पार्टी जेडीएस से चुनावी गठबंधन करना चाहते हैं। इस बाबत भाजपा रणनीतिकारों ने जब एचडी देवेगौड़ा से संपर्क साधा तो उनका दो टूक कहना था कि ’वे भाजपा के साथ चुनाव के बाद गठबंधन की सोच सकते हैं।’ पर भाजपा रणनीतिकारों के समक्ष सबसे बड़ा संकट यह है कि देवगौड़ा कमोबेश यही बात कांग्रेस से भी कह चुके हैं। कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे से देवेगौड़ा की पुरानी दोस्ती है। सो, भले ही देवेगौड़ा राहुल की भारत जोड़ो यात्रा के समापन पर कश्मीर नहीं गए, पर उन्होंने राहुल की यात्रा के समर्थन में एक पत्र जरूर जारी कर दिया, यही बात भगवा रणनीतिकारों को बेहद नागवार गुज़र रही है। सो, इन लोगों ने ताजा-ताजा देवेगौड़ा के पुत्र कुमारस्वामी से संपर्क साधा है, कुमारस्वामी का झुकाव कांग्रेस के बजाए भाजपा की ओर ज्यादा बताया जाता है। सो, जब पिता देवेगौड़ा राहुल के समर्थन में पत्र जारी कर रहे थे, पुत्र कुमारस्वामी एक स्थानीय टीवी चैनल से मन के उद्गार व्यक्त कर रहे थे कि ’राहुल गांधी को देश पसंद नहीं करता।’

 
Feedback
 
Download
GossipGuru App
Now!!