तेजस्वी का सूर्या वाला तेज

February 19 2022


भाजपा शीर्ष भारतीय युवा मोर्चा के अध्यक्ष तेजस्वी सूर्या में अपने भविष्य का सूरज देख रही है और उसे दक्षिण में अपना ’पोस्टर ब्याॅय’ बनाने के लिए कृतसंकल्प जान पड़ती है। इस बार राष्ट्रपति के अभिभाषण पर इन्हें लोकसभा में बोलने का भी मौका दिया गया, जिसमें सूर्या ने अपने अद्भुत ज्ञान से सदन में समां बांध दिया, उनके दो बोल आप भी सुन लीजिए-’देश में कोई बेरोजगारी नहीं है, अगर कोई बेरोजगार हैं तो वह कांग्रेस का युवराज (राहुल) है। मोदी जी जीते तो उन्होंने देश को परिवारवाद और समाजवाद से मुक्ति दिलाई।’ भाई परिवारवाद तक तो ठीक है, समाजवाद से क्यों मुक्ति दिलवा रहे हो? आपकी पार्टी तो अपने आम बजट में भी समाजवाद की झलक देखती है। भाजपा के नए नेतृत्व ने ही सूर्या को हिंदुत्व के नए ’पोस्टर ब्याॅय’ के तौर पर उभारा, अनंत हेगड़े के मुकाबले उन्हें ज्यादा तरजीह दी गई, यहां तक कि भाजपा ने पश्चिम बंगाल चुनाव में भी सूर्या को अपना स्टार प्रचारक बना कर उतारा। दरअसल, भाजपा का केंद्रीय नेतृत्व जानता है कि उसे 2024 के चुनावों में कुछ नए राज्यों की डिस्कवरी करनी होगी, ये राज्य दक्षिण या फिर नार्थ ईस्ट के ही हो सकते हैं। क्योंकि 2019 के चुनाव में भाजपा को यूपी में 65, बिहार में 39, पश्चिम बंगाल में 18 सीटें मिली थीं, सो यह ग्राफ और ऊपर जाने वाला नहीं सो अब पार्टी की नज़र कर्नाटक, आंध्र, केरल, तेलांगना जैसे राज्यों पर है, जहां काफी मुस्लिम आबादी भी है सो भाजपा को यहां ध्रुवीकरण की राजनीति रास आ रही है। जैसे कर्नाटक में भगवा गमछा बनाम हिजाब की राजनीति से भाजपा को फायदा हुआ है। काॅलेजों में भी तिरंगा की जगह भगवा झंडा फहराने से भाजपा इसमें अपना लाभ देख रही है। तेजस्वी सूर्या जैसे हिंदुत्व के चेहरे को आगे बढ़ाने में भाजपा के संगठन महासचिव बीएल संतोश का भी बड़ा हाथ बताया जा रहा है। सूर्या के अंकल रवि पहले से ही राज्य के भाजपा विधायक भी हैं।

 
Feedback
 
Download
GossipGuru App
Now!!