क्या होगा मुकेश सहनी का?

March 19 2022


यूपी में भाजपा को पानी पी-पी कर कोसने वाले मुकेश सहनी का अब क्या होगा? क्या भाजपा अब इनका पानी उतारेगी? मुकेश सहनी की विकासशील इंसान पार्टी यानी वीआईपी बिहार के मल्लाहों-निषादों के बीच एक लोकप्रिय पार्टी है जो फिलहाल बिहार में एनडीए का एक हिस्सा है। पर इसके बावजूद सहनी ने एनडीए की मान्य परंपराओं का उल्लंघन कर इस यूपी चुनाव में अपनी पार्टी से 53 उम्मीदवार मैदान में उतार दिए। यूपी में भाजपा को सत्ता से बेदखल करने का खम्म ठोकने वाले सहनी इस दफे यह भूल गए कि बिहार में वे भाजपा की वजह से ही सत्ता का स्वाद चख पाए थे, उन्हें बिहार के विधान परिषद में भाजपा ने ही पहुंचाया था और शायद वे यह भी भूल गए थे कि उनकी विधान परिषद की सदस्यता भी इस आने वाले जुलाई माह में समाप्त हो रही है। उन्हें दुबारा से एमएलसी बनाने की डोर भी भाजपा के हाथों में है। सनद रहे कि सहनी की वीआईपी पार्टी के बिहार में 4 विधायक थे, जिनमें से एक मुसाफिर पासवान का निधन हो गया। 3 बचे हैं जो कभी भी भाजपा में शामिल हो सकते हैं, क्योंकि भाजपा ने ही इन्हें वीआईपी के सिंबल से चुनाव लड़वाया था। तो फिर क्या करेंगे मुकेश सहनी? पानी में रह कर मगर से बैर?

 
Feedback
 
Download
GossipGuru App
Now!!