क्या देश को मिल सकता है कोई मुस्लिम राष्ट्रपति?

June 19 2022


नूपुर शर्मा के बारूदी बयानों ने जिस कदर देश और देश से बाहर रह रहे मुस्लिम समुदाय को भड़काने का काम किया है और खास कर अरब देशों से जिस तरह से बेहद तीखी प्रतिक्रिया आई है उसे देखते हुए भाजपा राष्ट्रपति चुनाव में अपना तुरूप का इक्का चल सकती है। संघ और भाजपा शीर्ष से जुड़े सूत्रों से पता चलता है कि भाजपा इसके काट के तौर पर अपना मास्टर स्ट्रोक खेल सकती है। जिसके तहत किसी मुस्लिम को देश का अगला राष्ट्रपति या उप राष्ट्रपति बनाया जा सकता है। इस रेस में सबसे पहला नाम मुख्तार अब्बास नकवी का चल रहा है, जो राजनेता होने के अलावा कवि, लेखक व अध्येता हैं। हालिया दिनों में इनका हिंदी में तीन नॉवेल सामने आ चुके हैं, वे मृदुभाषी व मिलनसार हैं, संसदीय मामलों के मंत्री रह चुके हैं इस नाते विपक्षी दलों से भी इनके गहरे ताल्लुकात हैं। इन्हें संघ और मोदी के करीबी भी समझा जाता है। दूसरा नाम केरल के गवर्नर आरिफ मुहम्मद खान का है। जो अपने बेबाक विचारों के लिए हमेशा सुर्खियों में रहते हैं। इस बार भी जब नूपुर शर्मा के बयान पर कतर ने भारत सरकार से माफी की मांग की तो आरिफ ने आगे बढ़ कर इस मांग को सिरे से खारिज करते हुए कहा-’दो चार लोगों की बेवकूफियों की वजह से 5 हजार पुरानी संस्कृति को कटघरे में खड़ा नहीं किया जा सकता।’ पेशे से वकील आरिफ कानून, इस्लाम और संविधान के भी मर्मज्ञ जानकार हैं। उन्हें उपनिषद, पुराण और भागवत गीता का भी उतना ही ज्ञान है। शाह बानो मामले में उन्होंने राजीव गांधी मंत्रिमंडल से अपना इस्तीफा दे दिया था तब वाजपेयी भी उनके मुरीद हो गए थे। एक दलित नेता और कर्नाटक के गवर्नर थावर चंद गहलोत ने भी इस रेस में अभी ताजा-ताजा एंट्री ली है। हालिया दिनों में जब गहलोत दिल्ली आए तो पीएम मोदी से उनकी एक अहम मुलाकात को इसी कड़ी से जोड़ कर देखा जा रहा है।

 
Feedback
 
Download
GossipGuru App
Now!!