क्या खड़गे जाएंगे बिहार?

January 08 2023


बिहार कांग्रेस के नवनियुक्त अध्यक्ष अखिलेश सिंह ने इस 5 जनवरी से दिग्विजय सिंह के ननिहाल से प्रारंभ होने वाली यात्रा को हरी झंडी दिखाने के लिए कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष खड़गे को बिहार आमंत्रित किया है। पर इस पर खड़गे ने अभी हामी नहीं भरी है। खड़गे ने अपने एक सलाहकार राज्यसभा सांसद सैय्यद नासिर हुसैन से इस बारे में राय मांगी है। काफी मशक्कत के बाद हुसैन इस राय पर पहुंचे है कि ’कम से कम अपनी पहली यात्रा में कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष को बिहार या यूपी जैसे राज्यों में नहीं जाना चाहिए, क्योंकि इन राज्यों में पार्टी का कैडर बेहद कमजोर है,’ सो खड़गे के लिए वहां भीड़ जुटानी एक कठिन चुनौती होगी। हुसैन ने बिहार की स्थानीय कांग्रेस इकाई से भी राय मांगी थी, उसके बाद ही वे इस नतीजे पर पहुंचे कि खड़गे को बिहार नहीं जाना चाहिए, हुसैन ने अपनी राय से अध्यक्ष को अवगत करा दिया है, जिन्हें इस बारे में अपना अंतिम फैसला लेना है।

 
Feedback
 
Download
GossipGuru App
Now!!