कार्ड बंटे ढाई हजार, लोग पहुंचे दस हजार

February 20 2023


भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा के छोटे पुत्र हरीश नड्डा का आशीर्वाद समारोह इस 5 फरवरी को नई दिल्ली के जवाहर लाल नेहरू स्टेडियम स्थित भीष्म पितामह मैदान में आहूत था। जिसमें प्रधानमंत्री से लेकर तमाम केंद्रीय मंत्रियों, भाजपा शासित राज्यों के मुख्यमंत्री गण, भगवा सांसद और विधायकों की उपस्थिति दर्ज हुई। कहते हैं भाजपाध्यक्ष ने अपने पुत्र के इस रिसेप्शन समारोह के लिए ढाई हजार के आसपास हाईटेक निमंत्रण कार्ड बांटे थे, पर भाजपा वालों का हुजूम इस कदर उमड़ा कि मेहमानों की संख्या दस हजार पार कर गई। जबकि आयोजकों को उम्मीद थी कि 3,500 तक मेहमान जुट सकते हैं। भाजपा शासित राज्यों के तमाम मुख्यमंत्रियों के अलावा भाजपाध्यक्ष ने तीन गैर भाजपाई मुख्यमंत्रियों को भी आमंत्रित किया था। जिसमें से झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन और सिक्किम के मुख्यमंत्री प्रेमसिंह तमांग को समारोह में देखा गया। पर तीसरे आमंत्रित आंध्र के मुख्यमंत्री जगन मोहन रेड्डी नहीं आए, इसकी वजह बताई गई कि ’रेड्डी के ऑफिस से आमंत्रण कार्ड कहीं गुम हो गया।’ माना जाता है कि उन्होंने बाद में फोन कर वर-वधु को अपना आशीर्वाद दे दिया। सनद रहे कि नड्डा जी के छोटे सुपुत्र हरीश का विवाह जयपुर के एक होटल व्यवसायी रमाकांत शर्मा की पुत्री रिद्धी के साथ 25 जनवरी को जयपुर में संपन्न हुआ था। इस रिसेप्शन समारोह में चर्चा का विषय वह ‘एआई सिस्टम’ था जो उपस्थित मेहमानों की शिनाख्त कर उनकी तस्वीर उनके मेल आईडी पर भेजने की दक्षता रखता था, एक सप्ताह के अंदर तमाम मेहमानों को समारोह की उनकी तस्वीर उनके मेल बॉक्स में मिल जानी है।

 
Feedback
 
Download
GossipGuru App
Now!!