Archive | मुख्य

घटक दलों ने भी राहुल को नेता माना

Posted on 13 November 2017 by admin

एक वक्त था जब यूपीए के मित्र और घटक दल राहुल गांधी को अपना नेता मानने को तैयार नहीं हो रहे थे। लोग भूले नहीं होंगे जब सोनिया गांधी ने कई महत्वपूर्ण विपक्षी नेताओं को अपने घर भोजन पर न्यौता था, तो उसमें सीताराम येचुरी समेत कई प्रमुख विपक्षी नेताओं ने राहुल की जगह विपक्षी एका के प्रतीक पुरूष के तौर पर नीतीश कुमार का नाम आगे रखने की सलाह दी थी, पर सोनिया इस बात पर राजी नहीं हुई थीं। पर हालिया कुछ दिनों में राहुल गांधी भारतीय राजनीति में एक नए अवतार में सामने आए हैं। लोगों में न सिर्फ उनकी स्वीकार्यता बढ़ी है अपितु उन्हें एक अलग राजनीति के सूत्रधार के तौर पर भी देखा जा रहा है। अब तो शरद पवार जैसे नेताओं ने भी सार्वजनिक मंचों से राहुल गांधी की तारीफ में कसीदे पढ़ने शुरू कर दिए हैं। अभी चंद रोज पूर्व मुंबई में टीवी पत्रकारों की एक संस्था के जलसे में पवार ने साफ कर दिया कि उनका एनडीए में शामिल होने का या भाजपा के साथ जाने का कोई इरादा नहीं है। पवार का कहना था कि राहुल गांधी अब एक बदले रूप में सामने आए हैं और लोग उन्हें मोदी के विकल्प की तौर पर देखने लगे हैं।’ सनद रहे कि अब से पहले षरद पवार राहुल के बजाए सीधे सोनिया से राजनैतिक बातें करने में दिलचस्पी रखते थे।

Comments Off on घटक दलों ने भी राहुल को नेता माना

…और अंत में

Posted on 13 November 2017 by admin

गुजरात में भले ही कांग्रेस ने सियासी घमासान को दिलचस्प बना दिया हो, पर राजनैतिक पंडितों का मानना है कि वहां सरकार तो एक बारगी फिर से भाजपा की ही बनेगी। सूत्र बताते हैं कि हो सकता है नए मुख्यमंत्री के तौर पर नितिन पटेल या गणपत भाई वसावा का नंबर लग जाए। एक वक्त इस रेस में शंकर भाई चौधरी को भी शामिल बताया जा रहा था, पर लगता है फिलवक्त उनका समीकरण गड़बड़ा गया है। (एनटीआई-gossipguru.in)

Comments Off on …और अंत में

कर्नाटक के योगी आदित्यनाथ

Posted on 07 November 2017 by admin

कर्नाटक बीजेपी ने भी अपना नया योगी आदित्यनाथ ढूंढ लिया है। मंगलोर के वज्रादेही मठ के राजा शेखर नंद स्वामी ने भी पिछले काफी समय से कर्नाटक में घर वापसी, लव जेहाद व स्लॉटर हाउस के खिलाफ अभियान छेड़ रखा है। इस वर्श जब इस स्वामी ने दक्षिण के ईसाइयों की घर वापसी करा उनका धर्मांतरण करवाया तो वे काफी चर्चा में आ गए। यह स्वामी हार्डलाइन हिंदुत्व के नए ब्रांड एंबेसडर बनकर उभरे हैं। उड्डुपी, मंगलोर और इसके आस पास के इलाकों में इस स्वामी का खासा प्रभाव देखा जा सकता है, जिनके राजनीति में आदर्श ही योगी आदित्यनाथ हैं और वे अपने आदर्श के पदचिन्हों पर चलते एक दिन कर्नाटक का मुख्यमंत्री बनने का सपना देख रहे हैं।

Comments Off on कर्नाटक के योगी आदित्यनाथ

धूमल ने ऐसे चटाई धूल

Posted on 07 November 2017 by admin

हिमाचल प्रदेश में भगवा आकांक्षाएं कुलांचे भर रही है, पार्टी इस चुनाव में अपनी जीत के प्रति आश्वस्त जान पड़ती हैं, पर यहां कुछ तो है जो पार्टी सिरमौर अमित शाह को लगातार परेशान कर रही है। वह है भाजपा के अंदर भीतरघात और गुटबाजी की बढ़ती प्रवृत्ति। अब से पहले तक भाजपा यहां तीन खेमों में स्पष्ट तौर पर बंटी नज़र आ रही थी। धूमल, नड्ढा और शांता कुमार के खेमों में। शांता कुमार पार्टी नेतृत्व की उपेक्षाओं से खासे आहत हैं, उनके करीबियों के थोकभाव में टिकट कट गए हैं। जेपी नड्ढा को पूरी उम्मीद थी कि हिमाचल के अगले सीएम वही होंगे, पर ऐन वक्त भाजपा के सीएम कैंडिडेट के तौर पर प्रेम कुमार धूमल का नाम अनाऊंस होने से वे सकते में हैं। पर सूत्र बताते हैं कि उन्हें मना लिया गया है। धूमल पुत्र अनुराग ठाकुर किंचित इस बात को लेकर बेहद नाराज़ थे कि तमाम उम्मीदों के बाद भी उन्हें केंद्र में मंत्री नहीं बनाया गया। सो, लगे हाथ धूमल गुट इन कयासों को हवा दे रहा था कि भाजपा की ओर से एक राजपूत सीएम (धूमल) प्रोजेक्ट नहीं किए जाने से प्रदेश के 37 फीसदी राजपूत मतदाता कमल पार्टी से नाराज़ हैं और वे वीरभद्र सिंह यानी कांग्रेस की ओर जा सकते हैं। चुनांचे जो भाजपा हाईकमान हिमाचल में अपना कोई सीएम उम्मीदवार घोषित करने के पक्ष में नहीं था, उसे अपनी रणनीति बदलने पर मजबूर होना पड़ा।

Comments Off on धूमल ने ऐसे चटाई धूल

यह इंदु गोस्वामी कौन है?

Posted on 07 November 2017 by admin

हिमाचल की पालनपुर विधानसभा सीट एक वीआईपी सीट में शुमार हो गई है, क्योंकि इस सीट से भाजपा की प्रदेश महिला मोर्चा अध्यक्ष इंदु गोस्वामी मैदान में हैं। विश्वस्त सूत्र बताते हैं कि इंदु गोस्वामी का नाम पहली लिस्ट में नहीं था, संसदीय बोर्ड में आकर शायद इसी वजह से यह लिस्ट तीन दिनों तक अटकी रही। इसके पश्चात जब स्वयं पीएम ने प्रदेश चुनाव समिति की बैठक में हिस्सा लिया तो उन्होंने बेहद भोलेपन से यह जानना चाहा कि पार्टी ने कितनी महिला उम्मीदवारों को टिकट दिए हैं, पेंच फंस गया। और अनायास ही इंदु गोस्वामी व अन्य कुछ महिला उम्मीदवारों के नाम लिस्ट में शामिल हो गए।

Comments Off on यह इंदु गोस्वामी कौन है?

पालनपुर के पालनहार

Posted on 07 November 2017 by admin

अब सवाल उठता है कि बैजनाथ की मूल निवासी इंदु गोस्वामी को शांता कुमार के गृह क्षेत्र पालनपुर से टिकट क्यों दी गई? जबकि यहां से लिस्ट में शांता के बेहद खासमखास और निवर्तमान विधायक प्रवीण शर्मा का नाम पहले से था। इंदु गोस्वामी उन दिनों से नरेंद्र मोदी से जुड़ी थीं जब मोदी हिमाचल के प्रभारी थे। बागी तेवरों से लैस शांता कुमार पर नकेल कसने के इरादे से ही उनके विश्वस्त का टिकट काट कर यहां से मोदी के विश्वस्त को मैदान में उतारा गया है। और सियासी दांव-पेंच का जरा आलम देखिए कि इंदु गोस्वामी को यहां से जिताने की जिम्मेवारी भी पार्टी हाईकमान ने शांता कुमार को ही सौंपी है। क्या ऐसा कर शीर्ष पुरूष ने शांता कुमार से अपना पुराना स्कोर सैटल किया है? सनद रहे कि 2002 के गुजरात दंगों के बाद शांता कुमार ने तब मोदी का खुला विरोध करते हुए कहा था कि मोदी की जगह वे सीएम होते तो अपना त्याग पत्र दे देते। लगे हाथ शांता ने अपना यह खुला पत्र मीडिया में भी जारी कर दिया था। चुनांचे आज की तारीख में शांता के भरोसेमंद प्रवीण शर्मा अपना टिकट कट जाने के बाद बतौर निर्दलीय यहां से अपनी किस्मत आजमा रहे हैं और भाजपा उम्मीदवार इंदु गोस्वामी की राहों में कांटे बिछा रहे हैं क्योंकि इंदु को अभी भी यहां बाहरी उम्मीदवार माना जा रहा है। कांग्रेस इस सीट से 7 बार चुनाव जीत चुकी है। सो, कांग्रेस ने यहां से विधानसभा अध्यक्ष बृज बिहारी लाल बुटैल के बेटे आशीष बुटैल को इंदु गोस्वामी के खिलाफ मैदान में उतारा है। आशीष पहली बार चुनाव लड़ रहे हैं, पर उन्हें हराने के लिए भाजपा ने अपनी पूरी ताकत झोंक दी है।

Comments Off on पालनपुर के पालनहार

एडवांटेज भाजपा

Posted on 07 November 2017 by admin

हिमाचल चुनाव में भाजपा पिछले दो वर्षों से तन्मयता से जुटी थी। पार्टी रणनीतिकारों ने अपना सारा दांव महिला और युवा वोटरों पर लगाया था। सूत्र बताते हैं कि भाजपा ने पेड महिला कार्यकर्ताओं की एक बड़ी फौज इक्कट्ठी की थी, जिन्हें मासिक आधार पर भुगतान किया जाता था। वहीं हिमाचली युवाओं की एक बड़ी फौज को सोशल मीडिया में लगाया गया था। इस चुनाव में जाहिरा तौर पर भाजपा को इस बात का फायदा मिल रहा है, पर पार्टी के बड़े नेताओं की गुटबाजी भगवा उम्मीदों में जरूर सेंध लगा रही है। यहां के कांग्रेसी सीएम वीरभद्र सिंह पर भले ही भ्रष्टाचार के आरोप थोकभाव में लगते रहे हैं, पर सरकारी कर्मचारियों का एक बड़ा वर्ग अभी भी वहां कांग्रेस के पक्ष में दिख रहा है। हिमाचल के ऊपरी इलाके में कम्युनिस्टों ने मजबूती से पांव जमा लिए हैं, चुनांचे ये मुकाबले को त्रिकोणीय या बहुकोणीय बना सकते हैं। कई सीटों पर निर्दलीय भी मजबूत दिख रहे हैं। सो, भले ही हिमाचल में एडवांटेज भाजपा की स्थिति है, पर भगवा राह इतनी आसान भी नहीं है।

Comments Off on एडवांटेज भाजपा

कुमार की तलवार

Posted on 07 November 2017 by admin

आम आदमी पार्टी की यह नियति बन गई है कि उन्हें बाहर कम, घर के अंदर ज्यादा जूझना होता है। नया मामला कुमार विश्वास का है, जो पार्टी में ओखला के विधायक अमानुल्ला की वापसी को लेकर खासे आहत हैं। कुमार इतने भरे बैठे हैं कि वे अपने पार्टी सिरमौर पर भी निशाना लगाने से नहीं चूक रहे, कुमार विश्वास भरे मन से हौले से कहते हैं-’यहां कोई लोकप्रिय नेता नहीं चाहता। पर मैं पार्टी नहीं छोड़ूंगा और इनकी छाती पर मूंग दलूंगा।’ जाहिर है कुमार योगेंद्र यादव या प्रशांत भूषण नहीं बनना चाहते, पर वे जो बनना चाहते हैं क्या अरविंद केजरीवाल उन्हें वह बनने देंगे?

Comments Off on कुमार की तलवार

आप का धर्म संकट

Posted on 07 November 2017 by admin

पंजाब विधानसभा चुनाव में मुंह की खाने के बाद आम आदमी पार्टी ने तय किया था कि वह गुजरात का विधानसभा चुनाव नहीं लड़ेगी। पर बदले परिदृश्य में आप ने गुजरात की 11 सीटों पर अपने उम्मीदवार उतार दिए हैं। जब इस बारे में किसी ने अरविंद केजरीवाल से उनका पक्ष जानना चाहा तो केजरीवाल का कहना था, ऐसा करना इसीलिए जरूरी था जिससे लोगों में यह संदेष न जाए कि आप और कांग्रेस में कोई मिलीभगत है।

Comments Off on आप का धर्म संकट

…और अंत में

Posted on 07 November 2017 by admin

कभी समाजवादी परचम के पर्याय माने जाने वाले अमर सिंह ने क्या अपनी राजनैतिक प्रतिबद्दता बदल ली है, समाजवाद के उनके हरे रंग पर क्या भगवा मुलम्मा चढ़ गया है? सूत्रों की मानें तो ठाकुर अमर सिंह भाजपा का दामन थामने के लिए बेकरार दिख रहे हैं। सूत्रों के मुताबिक इस बार जब दिल्ली में संघ के हेडक्वाटर झंडेवालान स्थित केशवकुंज में दीपावली मिलन का कार्यक्रम आयोजित था तो अमर सिंह पूरे एक घंटे उसमें मौजूद थे, और उन्हें संघ के एक प्रमुख नेता कृष्ण गोपाल के आगे पीछे डोलता देखा जा सकता था।
(एनटीआई-gossipguru.in)

Comments Off on …और अंत में

Download
GossipGuru App
Now!!