Posted on 19 March 2022 by admin
संघ के सरकार्यवाह दत्तात्रेय होसबोले अपना मिशन यूपी पूरी करने के बाद वापिस नागपुर लौटने को तत्पर हैं, उनका ऑफिस भी लखनऊ से नागपुर शिफ्ट हो रहा है। सूत्र बताते हैं कि यूपी में भाजपा को प्रचंड जीत दिलवाने के शिल्पकार होसबोले की अभी से 2024 के लोकसभा चुनाव की कमान सौंपी जा सकती है। वैसे भी संघ और भाजपा नेतृत्व इस दफे यूपी में योगी को ’फ्री-हैंड’ देना चाहता है।
Posted on 19 March 2022 by admin
यूपी में भाजपा को पानी पी-पी कर कोसने वाले मुकेश सहनी का अब क्या होगा? क्या भाजपा अब इनका पानी उतारेगी? मुकेश सहनी की विकासशील इंसान पार्टी यानी वीआईपी बिहार के मल्लाहों-निषादों के बीच एक लोकप्रिय पार्टी है जो फिलहाल बिहार में एनडीए का एक हिस्सा है। पर इसके बावजूद सहनी ने एनडीए की मान्य परंपराओं का उल्लंघन कर इस यूपी चुनाव में अपनी पार्टी से 53 उम्मीदवार मैदान में उतार दिए। यूपी में भाजपा को सत्ता से बेदखल करने का खम्म ठोकने वाले सहनी इस दफे यह भूल गए कि बिहार में वे भाजपा की वजह से ही सत्ता का स्वाद चख पाए थे, उन्हें बिहार के विधान परिषद में भाजपा ने ही पहुंचाया था और शायद वे यह भी भूल गए थे कि उनकी विधान परिषद की सदस्यता भी इस आने वाले जुलाई माह में समाप्त हो रही है। उन्हें दुबारा से एमएलसी बनाने की डोर भी भाजपा के हाथों में है। सनद रहे कि सहनी की वीआईपी पार्टी के बिहार में 4 विधायक थे, जिनमें से एक मुसाफिर पासवान का निधन हो गया। 3 बचे हैं जो कभी भी भाजपा में शामिल हो सकते हैं, क्योंकि भाजपा ने ही इन्हें वीआईपी के सिंबल से चुनाव लड़वाया था। तो फिर क्या करेंगे मुकेश सहनी? पानी में रह कर मगर से बैर?
Posted on 19 March 2022 by admin
आने वाले दिनों में भाजपा संगठन से जुड़े कई बड़े फैसले देखने को मिल सकते हैं। मसलन अमित शाह का मानना है कि अगर हिमाचल बचाना है तो वहां की कमान जेपी नड्डा को सौंपनी ही होगी। सूत्रों की मानें तो वहीं संघ की राय है कि गुजरात में भाजपा को तुरंत नेतृत्व परिवर्तन करना होगा, अगर वहां भाजपा को सरकार में पुनर्वापसी करनी है तो भूपेंद्र पटेल की जगह आनन-फानन में गुजरात की कमान अमित शाह को सौंपनी होगी जो कि एक गजब के संगठनकर्ता हैं। ऐसी सूरत में क्या होगा जब शाह गुजरात चले जाते हैं और नड्डा हिमाचल जाने से मना कर देते हैं। तो सूत्र बता रहे हैं कि वैसी सूरत में अनुराग ठाकुर को हिमाचल भेजा जा सकता है जो पिछले काफी समय से वहां जाने के लिए छटपटा रहे हैं। ऐसे में क्या जेपी नड्डा अमित शाह की जगह देश के अगले गृह मंत्री हो सकते हैं? खबर तो यह भी गर्म है कि भाजपा के संगठन महामंत्री बीएल संतोष को भी बदले जाने की तैयारी है, उनकी जगह नागेंद्रनाथ त्रिपाठी को लाया जा सकता है जो अभी बिहार और झारखंड के क्षेत्रीय संगठन महामंत्री हैं। यूपी के प्रदेश महासचिव संगठन सुनील बंसल और योगी आदित्यनाथ में रार की खबरें काफी पुरानी हैं अब भाजपा केंद्रीय नेतृत्व और संघ दोनों ही चाहते हैं कि योगी को उनकी दूसरी पारी में ’फ्री-हेंड’ दिया जाए, यानी सुनील बंसल को भी दिल्ली बुलाने की तैयारी है। कहते हैं योगी ने प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्रदेव सिंह को भी बदलने की मांग की है, सो मुमकिन है कि स्वतंत्रदेव सिंह की जगह यूपी भाजपा को एक नया प्रदेश अध्यक्ष मिल जाए। सबसे बड़ा सवाल कि अगर जेपी नड्डा सरकार में शामिल होते हैं तो उनकी जगह भाजपा की कमान कौन संभालेगा? क्या धर्मेंद्र प्रधान?
Posted on 19 March 2022 by admin
10 मार्च की मतगणना के रोज सबकी नज़र सिराथु सीट पर टिकी थी जहां प्रदेश के उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य को अपना दल कमेरावादी की डॉ. पल्लवी पटेल से कड़ी टक्कर मिल रही थी। तभी शाम को अचानक से यह खबर आई कि सिराथु में मतों की गिनती रोक दी गई है और शायद मौर्य के कहने पर पुलिस ने वहां लाठी चार्ज भी कर दिया है। जैसे इस बात की खबर योगी को लगी तो उन्होंने फौरन फोन कर अधिकारियों से कहा-’मतगणना में कोई धांधली नहीं होनी चाहिए, ईमानदारी से कार्य निर्वहन होना चाहिए।’ तब जाकर मतों की गिनती दुबारा शुरू हो सकी, जिसमें पल्लवी पटेल ने मौर्य को शिकस्त दे दी।
Posted on 19 March 2022 by admin
शिवसेना प्रमुख और महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे इन दिनों किंचित बीमार चल रहे हैं, वैसे भी उनकी असली चिंता अपने पुत्र आदित्य ठाकरे को राजनीति में स्थापित करने की है। कहते हैं इस बारे में वे अक्सर अन्य पार्टियों के नेताओं से बात कर इसकी टोह लेते रहते हैं। उद्धव की असली चिंता दरअसल उनकी सरकार में सहयोगी एनसीपी के रुख को लेकर है। उद्धव को लगता है कि शरद पवार स्वयं आदित्य को स्वीकार करने के लिए इतने सहज़ और खुले नहीं हैं। वहीं जब पिछले साल वे अपने पुत्र आदित्य को साथ लेकर पीएम मोदी से मिलने गए थे तो उनके पुत्र को लेकर पीएम मोदी का रुख उन्हें बेहद सकारात्मक लगा था। शायद यही वजह है कि इन दिनों उद्धव भाजपा के साथ एक बार फिर से पींगे बढ़ा रहे हैं। सो, मुमकिन है कि आने वाले दिनों में एकबारगी फिर से आपको महाराष्ट्र में शिवसेना और भाजपा का पुराना गठबंधन आकार लेता दिखे।
Posted on 19 March 2022 by admin
10 मार्च के चुनावी नतीजों के बाद सोशल मीडिया पर क्या वायरल है-
(1) जयंत का उतना साथ दिया जाटों ने जितना यूक्रेन का दिया नाटो ने
(2) मोंक इन यूपी, ओल्ड मोंक इन पंजाब यानी कि यूपी में मोंक (योगी) पंजाब में ओल्ड मोंक (मान)
(3) पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी का सदन में 1997 में एनडीए सरकार गिरने पर दिए गए भाषण के वे शब्द जिसमें उन्होंने कहा था-’आज हमारी सरकार मात्र 1 वोट से गिर गई है। हमारे कम सदस्य होने पर कांग्रेस हम पर हंस रही है लेकिन मेरी बात कांग्रेस कतई न भूले कि एक दिन ऐसा भी आएगा जब पूरे भारत में हमारी सरकार होगी और पूरा देश कांग्रेस पर हंस रहा होगा।’
(4) मशहूर मौसम वैज्ञानिक स्वामी प्रसाद मौर्य फाजिल नगर (कुशीनगर) विधानसभा सीट से 33 हजार वोटों से चुनाव हारे।
(5) आए हैं सो जाएंगे, राजा, रंक, फकीर। एक सिंहासन चढ़ि चले, एक बंधे जंजीर।।
Posted on 27 February 2022 by admin
आप से जुड़े बेहद विश्वस्त सूत्र खुलासा करते हैं कि जिस रोज पंजाब में मतदान होना था, उसी अलस्सुबह अरविंद केजरीवाल के बेहद करीबी माने जाने वाले राघव चड्डा ने अकाली नेता बिक्रम सिंह मजीठिया को फोन किया और जरूरी अभिवादन के बाद कहा कि इन चुनावों में आप बहुत अच्छा कर रहे हैं। पिछले पांच दिनों में आपका चुनाव काफी उठा है। हम दोनों पार्टियों की सोच एक जैसी है और हमारी पार्टियों के नेतृत्व का तरीका भी लगभग एक जैसा है। आम आदमी पार्टी न तो कांग्रेस के साथ जा सकती है और न ही भाजपा के साथ, पर अकाली दल के साथ हमारी बात बन सकती है। अगर 10 मार्च को ऐसी कोई स्थिति बनती है तो हम दोनों पार्टियां ढाई-ढाई साल के फार्मूले पर काम कर सकते हैं। वहीं पंजाब में आप के सीएम फेस भगवंत मान ने दावा किया है कि अगर अकाली दल, भाजपा और कैप्टन तीनों मिल भी जाएं तो ये तिकड़ी पंजाब में सरकार नहीं बना सकती। सियासत में हर बयान के गहरे निहितार्थ होते हैं।
Posted on 27 February 2022 by admin
देश के नामधन्य चुनावी रणनीतिकार प्रशांत किशोर पिछले दिनों तेलांगना के मुख्यमंत्री के.चंद्रशेखर राव से मिलने पहुंचे, मुलाकात लंबी चली तो कयासों के भी पंख लग गए, संभावना जताई जाने लगी कि तेलांगना के चुनाव का काम टीआरएस की ओर से पीके की कंपनी ‘आईपैक’ को मिल गया है। इसके बाद जब विपक्षी एका के खटराग को परवान चढ़ाते चंद्रशेखर राव महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे से मिलने मुंबई पहुंचे तो उद्धव ने छूटते ही राव से पूछ लिया-’इन दिनों आप मोदी के खिलाफ बयान देने लगे हैं, क्या आपने पीके को रख लिया है?’ राव ने किंचित कटाक्ष करते हुए जवाब दिया-’अरे कहां, हमारा जहाज बहुत छोटा है, इसमें वे फिट कहां आएंगे। वे तो 2029 में खुद को ही पीएम के दावेदार के रूप में देख रहे हैं।’ राव की तल्खबयानी के बाद माहौल में एक असहज़ सन्नाटा पसर गया।
Posted on 27 February 2022 by admin
प्रियंका गांधी एक नए किस्म की राजनीति करती हैं, कई बार जो उनके दिल में होता है, वही बात उनकी जुबां पर भी आ जाती है। जैसे पिछले दिनों लखनऊ में एक पत्रकार ने उनसे पूछ लिया कि ’क्या कांग्रेस का अपना सूचना तंत्र इतना जर्जर है कि पार्टी के बड़े नेता कांग्रेस छोड़ भाजपा में शामिल हो जाते हैं पर हाईकमान को इसकी भनक भी नहीं लगती?’ प्रियंका ने कहा ’ये राजनीति है लोग आएंगे, जाएंगे। पर उन्हें दो लोगों से काफी नाराज़गी है, एक तो माधव राव जी के बेटे पर जिन्होंने भाजपा में जाने के लिए मध्य प्रदेश में कांग्रेस की सरकार गिरा दी। आरपीएन के बारे में उन्हें पहले से पता था कि वे भाजपा के हाथों में खेल रहे हैं, उनके एक खासमखास सोरेन सरकार में मंत्री बन्ना गुप्ता के साथ मिल कर वे झारखंड में कांग्रेस समर्थित सरकार को अस्थिर करने का प्रयास कर रहे थे। इन दोनों ने कोई दर्जन भर कांग्रेसी विधायकों से संपर्क साध उन्हें भाजपा में आने के लिए कहा। जब मुझे इस बात का पता चला तो मैंने आरपीएन से स्वयं बात की, और उनसे पूछा कि ’क्या वे भाजपा में जाना चाहते हैं?’ तो आरपीएन ने साफ मना कर दिया। यहां तक कि आरपीएन की माताश्री ने भी मेरी मां को फोन कर सफाई दी और इस बात को गलत बताया कि उनका बेटा भाजपा में जा रहा है, यह उनके भाजपा ज्वाॅइन करने से एक सप्ताह पहले की बात है। इसके तीन दिन बाद उन्होंने एआईसीसी दफ्तर में चार बार फोन कर कहा कि उनका हवाई जहाज का किराया आदि के मद में पार्टी पर 1 लाख 10 हजार रुपए बकाया हैं। सो, इसे तुरंत क्लीयर किया जाए। जब यह बात मेरे संज्ञान में आई तो मैंने अकाऊंट वालों से तुरंत उनका हिसाब क्लीयर करने को कहा। क्योंकि मैं जानती थी कि ’अब वे रुकने वाले नहीं हैं। प्रियंका ने यह भी बताया कि जब उन्हें इस बात की जानकारी मिली थी कि आरपीएन तीन बार पीयूष गोयल से मिल चुके हैं तो ‘मैंने उनसे पूछा कि यह माजरा क्या है?’ तो उन्होंने बताया कि ’पीयूष गोयल से उनकी पुरानी दोस्ती है, इस नाते वे उनसे मिलने गए थे।’ इसी दौरान ‘राहुल जी के पास वह रिकार्डिंग भी आ गई जिसमें आरपीएन कांग्रेस के विधायकों से भाजपा में जाने की बात कर रहे थे, तब ही हमने इसे एक समाप्त अध्याय मान लिया।’
Posted on 27 February 2022 by admin
पंजाब में वोटिंग के दिन ही एक फोन और गया। विश्वस्त सूत्रों के दावों पर अगर यकीन किया जाए तो यह फोन अमित शाह की ओर से सुखबीर सिंह बादल की पत्नी हरसिमरत कौर को किया गया था। वक्त रहा होगा सुबह के कोई आठ बजे। कहते हैं शाह ने पूर्व केंद्रीय मंत्री हरसिमरत कौर बादल से कहा-’मुझे मालूम है कि आप सुबह-सुबह पाठ करती है, इसीलिए आपको अभी फोन किया है। आपने जो अपने फाॅर्म के ’कीनू’ भिजवाए थे उसका जूस मैं रोज ही पीता हूं, इस बार के कीनू तो पिछली बार से भी ज्यादा मीठे हैं।’ इसके बाद मिलने की बात पर यह बातचीत खत्म हुई।