Archive | मुख्य

पाटिल को लेकर संघ के मन में क्या है?

Posted on 26 December 2022 by admin

बेहद विश्वस्त सूत्रों के हवाले से यह खबर मिली है कि सीआर पाटिल की उम्मीदवारी को लेकर स्वयं पीएम मोदी बेहद संजीदा हैं। सूत्रों का दावा है कि इस सिलसिले में संघ का मन जानने के लिए पीएम संघ के नंबर दो दत्तात्रेय होसाबोले से मिले थे और दत्तात्रेय के समक्ष उन्होंने अपने मन की भावनाओं को प्रकट करते हुए पाटिल को अगला भाजपाध्यक्ष बनाने के बारे में संघ की राय जाननी चाही थी। होसाबोले ने भी पाटिल की तारीफ करते हुए कहा कि ’वे भाजपा के एक सफल अध्यक्ष साबित हो सकते हैं, क्योंकि वे अच्छे संगठनकर्ता हैं, व्यवहार कुशल हैं और आम कार्यकर्ता भी उन्हें कभी भी आसानी से मिल सकता है।’ पर दत्तात्रेय होसाबोले की राय थी कि पाटिल की ताजपोशी के लिए अभी थोड़ा इंतजार करना ही बेहतर रहेगा। क्योंकि अभी शीर्ष दो पदों पर वैसे नेता काबिज हैं जो गुजरात से ताल्लुक रखते हैं। ऐसे में भाजपाध्यक्ष भी एक ऐसे ही राज्य के नेता को बनाना उचित नहीं रहेगा, भले पाटिल का जन्म महाराष्ट्र में हुआ है, पर उनकी कर्मभूमि हमेशा से गुजरात रही है।’ सो, दत्तात्रेय की स्पष्ट राय थी कि ’कम से कम 2024 के आम चुनाव तक जेपी नड्डा को ही पार्टी अध्यक्ष लेकर चलना चाहिए, इसके बाद ही पार्टी शीर्ष पर कोई फेरबदल मुनासिब रहेगा।’ पर इस बारे में अंतिम फैसला तो भाजपा हाईकमान (मोदी-शाह) को ही लेना है।

Comments Off on पाटिल को लेकर संघ के मन में क्या है?

’भारत राष्ट्र समिति’

Posted on 26 December 2022 by admin

पिछले दिनों चंद्रशेखर राव दिल्ली में थे, जहां उन्होंने अपनी नई नामित पार्टी ’भारत राष्ट्र समिति’ के पार्टी कार्यालय का उद्घाटन किया। इसके अगले रोज उन्होंने कोई 1500 से ज्यादा लोगों को भोजन पर आमंत्रित किया, जिसमें सांसद, विधायक, मंत्रिगण और उनकी पार्टी के कई पदाधिकारी भी शामिल थे। जहां राव ने इच्छा जताई कि उनकी तमन्ना 2024 का लोकसभा चुनाव लड़ने की है। साथ ही राव ने नीतीश कुमार के उलट इस बात पर भी जोर दिया कि ’सत्तारूढ़ भाजपा के खिलाफ कोई मजबूत फ्रंट तब तक तैयार नहीं हो सकता जब तक कि उसमें कांग्रेस को शामिल नहीं किया जाता।’

Comments Off on ’भारत राष्ट्र समिति’

पंजाब को लेकर चिंतित है आप

Posted on 26 December 2022 by admin

आम आदमी पार्टी की पंजाब को लेकर चिंताएं बढ़ गई है, पार्टी की ओर से ही समय-समय पर अपने शासित राज्यों में सर्वेक्षण कराने की परंपरा है। पार्टी की एक मान्य एजेंसी की हालिया जनमत सर्वेक्षण में इस बात का खुलासा हुआ है कि ’अगर आज की तारीख में लोकसभा चुनाव हो जाएं तो आप पंजाब की 13 में से सिर्फ 4 संसदीय सीट ही जीत पाएगी।’ इसकी वजह है कि अकाली दल जमीनी स्तर पर ‘पंथिक पॉलिटिक्स’ कर रहा है, जो चिंता का विषय है। कांग्रेस अब भी वहां अस्त-व्यस्त हालत में है। कैप्टन के दलबल के साथ भाजपा में शामिल होने पर राज्य में भाजपा के जनाधार में वृद्धि हुई है, हिंदू वोट बड़े पैमाने पर कांग्रेस की झोली से छिटक कर भाजपा की ओर जा रहा है, आप के लिए चिंता का सबसे बड़ा सबव भी यही है।

Comments Off on पंजाब को लेकर चिंतित है आप

सिंधिया को सुप्रीम नसीहत

Posted on 26 December 2022 by admin

मध्य प्रदेश की पार्टी यूनिट से लगातार अमित शाह को यह शिकायतें मिल रहीं थीं कि ज्योतिरादित्य राज्य में पार्टी के एक समांतर संगठन चला रहे हैं। सूत्रों की मानें तो सिंधिया पर यह आरोप लग रहे थे कि वे बार-बार भोपाल और ग्वालियर पहुंच कर अपने वफादार मंत्रियों, विधायकों और पार्टी कार्यकर्ताओं की मीटिंग ले रहे हैं और उनके साथ अपने भविष्य की रणनीति बुन रहे हैं। यही शिकायत मध्य प्रदेश के भगवा सीएम शिवराज सिंह चौहान की भी थी कि ’भाजपा में कोई भी व्यक्ति संगठन से बड़ा नहीं हो सकता, चुनांचे भाजपा में ऐसी बैठकें बुलाने का अधिकार सिर्फ प्रदेश अध्यक्ष के पास ही है।’ कहते हैं कि हाईकमान ने सिंधिया को बुला कर कड़ी फटकार लगाई है कि ’वे मध्य प्रदेश के बजाए अपने मंत्रालय पर फोकस करें।’ इसके बाद ही मीडिया में दिल्ली एयरपोर्ट की अव्यवस्थाओं को लेकर शोर मच गया और ज्योतिरादित्य को भी अपना फौरी फोकस उस ओर करना पड़ा।

Comments Off on सिंधिया को सुप्रीम नसीहत

भाजपा की प्रतिभा को ’ना’

Posted on 26 December 2022 by admin

हिमाचल में जब कांग्रेस को जीत मिली तो रानी साहिबा यानी कि मंडी से कांग्रेस की सांसद प्रतिभा सिंह ने खम्म ठोक कर कह दिया कि ’यह राजा वीरभद्र सिंह को हिमाचल की जनता की श्रद्धांजलि है।’ इसके बाद प्रियंका गांधी ने राजीव शुक्ला के मार्फ्त सभी विजयी कांग्रेसी विधायकों को मैसेज भिजवा दिया कि ’चाहे पार्टी का कोई भी नेता उन्हें अपने घर मीटिंग पर बुलाए, उन्हें नहीं जाना है।’ पर फिर भी रानी साहिबा के बुलाने पर 12 कांग्रेसी विधायक उनके घर चले ही गए, जबकि रानी साहिबा को उम्मीद थी कि कोई 25 विधायक तो इस बार उनके अपने जरूर हैं। इसके बाद प्रतिभा ने वीरभद्र के करीबी रहे और अब भाजपा में शामिल हर्ष महाजन के मार्फ्त भाजपा शीर्ष को संदेशा भिजवाया कि ’अगर बीजेपी उन्हें सीएम बनाने को तैयार हैं तो वे 12 से भी ज्यादा विधायकों का जुगाड़ कर सकती हैं।’ पर इस प्रस्ताव को पीएम मोदी की ’ना’ हो गई, पीएम नहीं चाहते थे कि गुजरात की इतनी बड़ी विजय पर ‘ऑपरेशन लोट्स’ के छीटें पड़े। अभी रानी साहिबा से सही वक्त आने तक इंतजार करने को कहा गया है, देखना है कि क्या रानी साहिबा भी आने वाले दिनों में कांग्रेस की एकनाथ शिंदे साबित होंगी।

Comments Off on भाजपा की प्रतिभा को ’ना’

मंच पर नेता, सामने नहीं श्रोता

Posted on 26 December 2022 by admin

जब से लालू-प्रिय बिहार के एक भूमिहार नेता अखिलेश प्रसाद सिंह बिहार प्रदेश कांग्रेस कमेटी के नए अध्यक्ष बनाए गए हैं (सौजन्य से खड़गे) उनके हौसले नई कुलांचे भर रहे हैं। अभी इस 11 दिसंबर को अखिलेश बिहार के कुछ कद्दावर कांग्रेसी नेताओं को एक चार्टर्ड फ्लाइट से दिल्ली से पटना लेकर आए, जहां उन्हें पटना के स्थानीय बापू सभागार में अपना एक ’मेगा शो’ करना था। सिंह के इस चार्टर्ड फ्लाइट में सवार होकर मीरा कुमार, तारिक अनवर, बिहार के कांग्रेस प्रभारी भक्त चरण दास जैसे नेतागण पटना पहुंचे थे। ये नेतागण जब बापू सभागार पहुंचे तो यह देख कर दंग रह गए कि मंच तो नेताओं की भीड़ से खचाखच भरा था, पर वक्ताओं को सुनने वाले गिनती के दो-चार श्रोता थे। अब यह कहने की बात नहीं रह गई कि बिहार में कांग्रेस में कार्यकर्ता नदारद हैं, बच गए हैं सिर्फ नेता गण।

Comments Off on मंच पर नेता, सामने नहीं श्रोता

हार पर प्रहार

Posted on 26 December 2022 by admin

संसद के मौजूदा शीतकालीन सत्र के दौरान भाजपा सांसदों की बैठक संसद सौंध में आहूत थी, जिसमें बड़ी संख्या में भाजपा सांसदों का जमावड़ा जुटा था। आम तौर पर पार्लियामेंट्री एनेक्सी में प्रधानमंत्री का प्रवेश सामने के दरवाजे से होता है, जहां भाजपा के राष्ट्रय अध्यक्ष जेपी नड्डा एक बड़ी सी माला लेकर पीएम की अगवानी के लिए मुस्तैद थे। पर इस बार पीएम वहां पहुंचे पिछले गेट से, नड्डा भी भागे-भागे पीछे वाली गेट पर पहुंचे, पीएम का स्वागत किया। मोदी ने नड्डा से चुटकी ली ’यह हिमाचल का हार पहना रहे हैं?’ नड्डा कुछ समझ पाते इससे पहले पीएम आगे बढ़ गए। उस मीटिंग में पीएम ने गुजरात की शानदार जीत के लिए वहां के प्रदेश अध्यक्ष सीआर पाटिल की पीठ बार-बार थपथपाई, बिचारे नड्डा के लिए इशारा ही काफी था।

Comments Off on हार पर प्रहार

योगी का विदेशी दौरा खटाई में

Posted on 26 December 2022 by admin

अगले महीने यूपी के सीएम योगी को शिकागो, न्यूयॉर्क और लंदन की यात्रा पर निकलना था, इस यात्रा का मकसद राज्य के लिए विदेशी निवेश जुटाने का था। पिछले काफी महीनों से योगी की इस विदेश यात्राओं को लेकर तैयारियां जोरों पर थीं। यह भी तय हुआ था योगी जहां-जहां जाएंगे वे पीएम मोदी की यात्रा की तर्ज पर ही वहां के स्थानीय भारतीय समुदाय को संबोधित भी करेंगे, आयोजकों का भरोसा था कि योगी की हर ऐसी सभा में कम से कम चार से पांच हजार अप्रवासी भारतीयों की भीड़ जुट जाएगी। अब खबर आ रही है कि योगी की इस यात्रा को गृह मंत्रालय से आखिर वक्त पर मंजूरी नहीं मिली है, उल्टे उनसे यह कहा गया है कि वे बैकग्राउंड में रह कर काम करना सीखें।

Comments Off on योगी का विदेशी दौरा खटाई में

गांधी परिवार को रानी साहिबा का न्यौता

Posted on 26 December 2022 by admin

8 दिसंबर को जब रानी साहिबा प्रतिभा सिंह ने प्रियंका गांधी को फोन किया था तब बातों ही बातों में उनसे यह आग्रह भी किया था कि ’चूंकि कल (9 दिसंबर) सोनिया गांधी जी का जन्मदिन है, इस मौके पर हम आप पूरे परिवार को हिमाचल आने का न्यौता देते हैं, आप, सोनिया जी व राहुल जी यहां आएं और माता चिंतपूर्णी या ज्वाला देवी के दर्शन करें, उनका आशीर्वाद लें और 2024 के लोकसभा चुनावों का आगाज़ भी कर दें।’ कहते हैं इस पर प्रियंका ने रानी साहिबा से दो टूक कह दिया कि ’गांधी परिवार हमेशा से पर्सनल और प्रोफेशनल लाइफ दोनों को अलग-अलग रखता हैं। मां का बर्थडे परिवार का निजी कार्यक्रम ही रहेगा।’ इसके बाद गांधी परिवार सोनिया के ’बर्थडे’ के मौके पर राजीव गांधी की पसंदीदा जगह रणथंभौर नेशनल पार्क आ गया, राहुल भी अपनी भारत जोड़ो यात्रा से ब्रेक लेकर रणथंभौर पहुंच गए, फिर परिवार ने सोनिया का 76वां बर्थडे वहीं सेलिब्रेट किया। साथ में टाइगर सफारी का भी लुत्फ उठाया।

Comments Off on गांधी परिवार को रानी साहिबा का न्यौता

प्रियंका करेंगी हिमाचल सीएम का फैसला

Posted on 26 December 2022 by admin

अनिश्चय के सियासी भंवर में डूबती-उतरती कांग्रेस के लिए हिमाचल सुकून का एक ठंडा झोंका लेकर आया है। चूंकि हिमाचल चुनाव के अमूमन सभी अहम फैसले कांग्रेस के नज़रिए से प्रियंका ने लिए थे, सो माना जा रहा है कि प्रदेश का नया सीएम चुनने में उनकी सबसे महती भूमिका होगी। हिमाचल के चुनावी नतीजे आने के तुरंत बाद रानी साहिबा यानी स्वर्गीय वीरभद्र सिंह की पत्नी प्रतिभा सिंह ने प्रियंका को फोन कर कहा था कि ’यह हिमाचल की जनता की अपने स्वर्गीय राजा साहिब (वीरभद्र सिंह) को सच्ची श्रद्धांजलि है, इस जीत को इसी रूप में देखा जाना चाहिए।’ यानी एक तरह से रानी साहिबा ने सीएम पद के लिए अपने परिवार की दावेदारी पेश कर दी कि या तो उन्हें या फिर उनके पुत्र विक्रमादित्य सिंह को हिमाचल की बागडोर मिले। कहते हैं इस पर प्रियंका ने रानी साहिबा से कहा कि ’विक्रमादित्य अभी काफी युवा हैं, नेतृत्व करना उन्हें सीखना होगा, हम उन्हें अगली कैबिनेट में जरूर लेना चाहेंगे।’ प्रतिभा सिंह को लेकर कांग्रेस में ऊहापोह की स्थिति है, वह मंडी संसदीय सीट से सांसद भी हैं, सो उनको सीएम बनाने का अर्थ होगा मंडी लोकसभा सीट पर उप चुनाव और उन्हें विधायक बनाने के लिए किसी निर्वाचित विधायक का इस्तीफा भी करवाना होगा। इन चुनावों में मंडी क्षेत्र में कांग्रेस का प्रदर्शन उतना उम्दा भी नहीं रहा है, सो पार्टी इस बारे में कोई रिस्क नहीं लेना चाहती। इसके तुरंत बाद प्रियंका के पास पूर्व प्रदेश अध्यक्ष सुखविंदर सिंह सुक्खू का फोन आ गया, जिन्होंने दावा किया कि ’उन्हें पार्टी के 10 विधायकों का समर्थन प्राप्त है।’ सूत्रों की मानें तो सुक्खू से प्रियंका ने कहा कि ’एक बार कमेटी की रिपोर्ट आ जाने दीजिए, फिर आप से भी बात करते हैं।’

Comments Off on प्रियंका करेंगी हिमाचल सीएम का फैसला

Download
GossipGuru App
Now!!