Archive | Main Bottam Left

मुख्तार का रामचरित मानस से प्यार

Posted on 20 February 2023 by admin

भाजपा के कद्दावर नेता मुख्तार अब्बास नकवी की भले ही राज्यसभा सदस्यतता चली गई हो, मंत्री पद चला गया हो पर उनके हौसलों ने उड़ान भरना अब भी जारी रखा हुआ है। जब देशभर में खास कर यूपी-बिहार जैसे राज्यों में रामचरित मानस को लेकर बवाल मचा हुआ है, नकवी ने मुस्लिम बहुल इलाकों खासकर रामपुर के रठौंडा किसान मेले में ’जय श्रीराम रामायण’ का भव्य मंचन करवाने का निर्णय लिया है। महाशिवरात्रि के मौके पर 3 मार्च को रामचरित मानस पर आधारित तीन घंटे का यह भव्य मंचन होगा। रामानंद सागर के चर्चित टीवी धारावाहिक के कई चर्चित चेहरे इस मंचन का हिस्सा होंगे। जिसमें पुनीत इस्सर से लेकर बिंदु दारा सिंह के नाम शामिल बताए जाते हैं। इस रामायण मंचन में आधुनिक तकनीक और श्री रामचरित मानस के विभिन्न प्रसंगों को दमदार ढंग से एक सूत्र में पिरोया जा रहा है। सनद रहे कि पिछले साल इसी मेले में नकवी ने महाभारत का भी मंचन करवाया था। यहीं वह ऐतिहासिक शिव मंदिर भी अवस्थित है जहां लाखों लोग महाशिवरात्रि के मौके पर जलाभिषेक के लिए जुटते हैं, नकवी ने भी गुरुवार को इस मेले के उद्घाटन के दौरान शिव मंदिर जाकर वहां जलाभिषेक भी किया।

Comments Off on मुख्तार का रामचरित मानस से प्यार

हाथ से हाथ जोड़ो अभियान

Posted on 20 February 2023 by admin

भारत जोड़ो यात्रा के प्रथम चरण की समाप्ति के बाद प्रियंका गांधी ने ’हाथ से हाथ जोड़ो अभियान’ के तहत 24 महिला केंद्रित कार्यक्रमों की रूप रेखा तैयार की थी। यह अभियान आधी आबादी यानी महिलाओं से जुड़े मुद्दों पर केंद्रित था। पर राहुल गांधी का ऑफिस चाहता था कि ’ऐसे कार्यक्रमों में जहां दस हजार से ज्यादा की भीड़ जुट सकती है, वहां राहुल को बुलाया जाए अन्यथा प्रियंका अपना कार्यक्रम बकायदा जारी रख सकती हैं।’ पर कोई तो वजह होगी कि इस कार्यक्रम की तारीखों को लेकर अब भी असमंजस की स्थिति बनी हुई है।

Comments Off on हाथ से हाथ जोड़ो अभियान

येचुरी की गुहार

Posted on 26 December 2022 by admin

संसद के शीतकालीन सत्र के दौरान माकपा महासचिव सीताराम येचुरी की गृह मंत्री अमित शाह के साथ एक अनौपचारिक मुलाकात हुई। बातों ही बातों में येचुरी ने शाह के समक्ष अपना दर्द बयां करते हुए कहा-’आपने एक ऐसे व्यक्ति को राज्यसभा का सभापति बना दिया है जो सदन में विरोधी दल के नेता को बोलने ही नहीं देते। कई बार तो सदस्य की मूलभावनाएं भी आहत हो जाती हैं।’ इस पर शाह ने हंसते हुए कहा कि ’हमने सियासी अखाड़े में अपना हरियाणा का पहलवान उतारा है, जो बड़े-बड़े धुरंधरों को भी चित्त कर देगा। आपने बंगाल में तो इसका हश्र देखा ही है।’ इस पर येचुरी से कुछ कहते हुए नहीं बना।

Comments Off on येचुरी की गुहार

उम्मीदों की रौशनी से घिरे चिराग

Posted on 26 December 2022 by admin

इन दिनों चिराग पासवान के हौसले बम-बम है, जिस भाजपा ने नीतीश के संगत में आकर उन्हें बिसरा दिया था, आज नीतीश का साथ छूटने के बाद वही भाजपा उनकी चिरौरी कर रही है। भाजपा के नंबर दो भी इन दिनों यदा-कदा चिराग का हाल-चाल पूछ लिया करते हैं। सूत्रों की मानें तो जल्द ही चिराग के हाथ दिल्ली की कुर्सी लग सकती है। आने वाले दिनों में मोदी मंत्रिमंडल में एक बड़ा फेरबदल होने जा रहा है, सूत्रों की मानें तो चिराग से वादा हुआ है कि इस फेरबदल में उन्हें एक अहम मंत्रालय से नवाजा जाएगा। भाजपा की कोशिश है कि चिराग अपने चाचा से अपनी नाराज़गी थूक दें और पासवान परिवार फिर से एक हो जाए, ताकि बिहार में नीतीश के खिलाफ एक नयी अलख जगाई जा सके।

Comments Off on उम्मीदों की रौशनी से घिरे चिराग

आप तो ऐसे न थे!

Posted on 26 December 2022 by admin

पिछले सप्ताह संसद में भाजपा सांसद किशीरी लाल मीणा ने एक प्राइवेट मेंबर बिल पेश किया जो समान नागरिक संहिता को लेकर था। जब वोटिंग का समय आया तो आम आदमी पार्टी के राज्यसभा सांसद राघव चड्डा उठ खड़े हुए, साथ बैठे एक साथी सांसद से कहा कि उनका एक जरूरी फोन आ रहा है, बाहर निकल कर उन्हें बात करनी होगी (जबकि हाउस में जैमर लगा है, फोन नेटवर्क ही नहीं आता)। चड्डा के सदन से बाहर निकलने के तुरंत बाद आप सांसद संजय सिंह भी उठ खड़े हुए बाहर जाने के लिए, उन्होंने साथ बैठे अपने साथी सांसद से कहा कि ’देखिए इस मसले पर हमारी पार्टी का रुख न पक्ष में हैं न खिलाफ, सो मैं वोट नहीं कर पाऊंगा, इसीलिए मैं भी बाहर जा रहा हूं।’ सो, आखिरकार इस विधेयक के पक्ष में 63 और इसके विपक्ष में 23 वोट पड़े।

Comments Off on आप तो ऐसे न थे!

कुढ़नी की हार से जदयू व राजद में तनाव

Posted on 26 December 2022 by admin

बिहार की कुढ़नी विधानसभा सीट के उप चुनाव में जिस तरह जदयू नीत महागठबंधन को भाजपा के हाथों शिकस्त खानी पड़ी उसने नीतीश व तेजस्वी के संबंधों में एक कटुता ला दी है। कुढ़नी परंपरागत रूप से राजद की सीट रही है, राजद विधायक अनिल कुमार सहनी के अयोग्य घोशित होने से यह सीट खाली हुई थी। नीतीश ने तेजस्वी से यह सीट अपने लिए मांग ली और यहां से जदयू उम्मीदवार चारों खाने चित्त हो गया। भाजपा ने यहां के चुनाव में यादव-मुसलमानों का हौव्वा दिखा कर ओबीसी जातियों खास कर कुर्मी-कोयरी व कुशवाहा वोटों के अपने पाले में कर लिया, मांझी वोटर भी भाजपा के साथ चले गए। नीतीश ने अपनी खास वफादार लेसी सिंह को कुढ़नी सीट का प्रभारी बना रखा था, उनकी रिपोर्ट के अनुसार महागठबंधन यह सीट 20 हजार से ज्यादा मतों से जीत रहा था। तेजस्वी ने नीतीश से पहले भी कहा था कि ’प्रभारी बदलिए नहीं तो यह सीट हाथ से जाएगी, क्योंकि लेसी तो गेस्ट हाउस से बाहर ही नहीं निकल रही हैं।’ पर तब नीतीश के कानों में जूं तक नहीं रेंगी, तेजस्वी इस बात को लेकर ज्यादा परेशान हैं कि हालिया दिनों में बिहार में 3 सीटों पर उप चुनाव हुए हैं, जहां भाजपा ने मोकामा छोड़ कर बाकी दो सीटों पर महागठबंधन को हरा दिया है।

Comments Off on कुढ़नी की हार से जदयू व राजद में तनाव

क्या होगा हिमाचल में?

Posted on 26 December 2022 by admin

हिमाचल प्रदेश चुनाव के संभावित नतीजों को लेकर कांग्रेस बम-बम है, वहीं भाजपा का भरोसा है कि उन्हें अगर सरकार बनाने के लिए कुछ सीटों की कमी हो भी गई तो पार्टी इसे मैनेज कर लेगी, क्योंकि इस बार वहां कई निर्दलियों के जीतने के कयास लग रहे हैं। वहीं अगर कांग्रेस यहां मोर्चा फतह कर लेती है तो यहां कम से कम सीएम पद के तीन मजबूत दावेदार होंगें। एक हैं मुकेश अग्निहोत्री, माना जाता है कि इनके कहने पर 3-4 टिकट बांटे गए हैं, दूसरे हैं सुखविंदर सिंह सुक्खों जो वीरभद्र सिंह के निधन के बाद हिमाचल के सियासी पटल पर तेजी से उभरे हैं। कहते हैं इनके कहने पर 8-10 टिकट बांटे गए हैं, तीसरा है वहां का राज परिवार यानी रानी प्रतिभा सिंह, इनके कहने पर 20-25 टिकट बांटे गए हैं, यानी फिलहाल तो पलड़ा इनका ही सबसे भारी लगता है। अगर इनमें से किसी एक को भी सीएम बनने का मौका मिला तो फिर भाजपा नाराज़ गुट पर डोरे डाल सकती है।

Comments Off on क्या होगा हिमाचल में?

राहुल को सहयोगियों की नसीहत

Posted on 26 December 2022 by admin

राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा ने जब महाराष्ट्र में प्रवेश किया था तो महाअघाड़ी सरकार में उनके गठबंधन साथी रहे आदित्य ठाकरे उनके स्वागत के लिए खड़े थे, बातों ही बातों में आदित्य ने राहुल से कह दिया कि ’हमारे प्रांत में आपका स्वागत है, फिर भी मैं कहूंगा कि इस वक्त आपकी यात्रा महाराष्ट्र के बजाए गुजरात में होनी चाहिए थी।’ राहुल ने किंचित भोलेपन से जवाब देते हुए कहा-’मेरी यह यात्रा न तो राजनीतिक है और न ही राजनैतिक लाभ के लिए है।’ इसके बाद शरद पवार की पुत्री सुप्रिया सुले इस यात्रा में शामिल हुईं, सुप्रिया ने भी दो टूक राहुल से पूछ लिया कि ’आपकी यात्रा 17 दिन केरल में रही जबकि यूपी में आप मात्र 3 दिन लगा रहे हैं?’ राहुल ने सुप्रिया को भी ज्ञान की वही घुट्टी पिला दी जैसा उन्होंने आदित्य के साथ किया था। जब इस बात की भनक जयराम रमेश को लगी तो उन्होंने आदित्य से फोन कर कहा-’आपको राहुल जी से ऐसे नहीं बोलना चाहिए था।’ बदले में आदित्य ने दो टूक कह दिया-’जो मुझे सही लगा, मैंने वही कहा।’ फिर आदित्य ने इस बात का जिक्र अपने पिता उद्धव ठाकरे से किया, उद्धव ने उन्हें समझाया कि जब तक कांग्रेस पार्टी में अहमद पटेल थे, वे हर मुद्दे को बेहद समझदारी से ‘हेंडल’ करते थे, जयराम रमेश में उतनी राजनीतिक परिपक्वता नहीं।’ फिर यह बात, आई गई हो गई।

Comments Off on राहुल को सहयोगियों की नसीहत

गुजरात चुनाव

Posted on 26 December 2022 by admin

गुजरात चुनाव के मद्देनज़र आप सुप्रीमो अरविंद केजरीवाल का वहां एक ‘रोड शो’ चल रहा था, भीड़ भी अच्छी खासी जुटी थी, सड़कों के किनारे काफी लोग खड़े थे। केजरीवाल के साथ प्रचार ट्रक पर हरभजन सिंह, राधव चड्डा और पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान सवार थे। तभी भीड़ में से एक युवक अपने हाथों में लिए स्टील के गिलास को भगवंत मान की ओर लहराने लगता है, जब मान उसकी ओर पलटे तो वह ’चीयर्स’ कहने लगा। मान के चेहरे की भाव-भंगिमाएं बदल गई, केजरीवाल इस दृश्य को इग्नोर कर दूसरी ओर हाथ हिलाने लगे।

Comments Off on गुजरात चुनाव

और अंत में

Posted on 24 September 2022 by admin

अपनी नानी के इंतकाल के बाद राहुल जब इटली से स्वदेश लौटे तो उन्होंने पार्टी के तीन-चार बड़े नेताओं को, मसलन पी. चिदंबरम, कमलनाथ व भूपेंद्र सिंह हुड्डा को तलब किया और उनसे जानना चाहा कि ’गुलाम नबी राहुल और गांधी परिवार को लेकर इतना कुछ कह गए पर आप लोगों की ओर से कोई खंडन भी नहीं आया। जबकि मैंने जयराम को इस बारे में मैसेज भी दिया था।’ इस पर चिदंबरम ने कहा कि ’आपने यही तो गलती की, जयराम से नहीं कहलवाना चाहिए, वे मुझसे बहुत जूनियर हैं। जब मैं देश का वित्त मंत्री था तो वे मेरे ऑफिस में चाय-पानी का इंतजाम देखा करते थे।’ कमलनाथ ने भी लगभग इसी बात को दुहराया और कहा कि ‘इनका भी दर्द बहुत हद तक चिदंबरम वाला ही है, इनका आदेश मैं कैसे ले सकता था।’ राहुल हतप्रभ थे कि आखिरकार पार्टी में यह चल क्या रहा है?

Comments Off on और अंत में

Download
GossipGuru App
Now!!