Posted on 10 January 2011 by admin
उत्तर प्रदेश भाजपा की सेहत को लेकर सचमुच बहुत फिक्र मंद हैं नितिन गडकरी, तभी तो प्रदेश भाजपा की बैठक ही उन्होंने नोएडा के एक अस्पताल में आहूत कर दी, यह अस्पताल राजनाथ सिंह के एक करीबी डा. महेश शर्मा का है, जो भाजपा के टिकट पर पिछला संसदीय चुनाव गौतमबुध्द नगर से लड़े थे पर बसपा के एक उद्योगपति नागर के हाथों पराजित हुए थे। बीमार भाजपा की फिक्र मंदी को लेकर पार्टी के स्पिन डॉक्टर गण जब बोलने को खड़े हुए तो बस बोलते ही रह गए, डा. मुरली मनोहर जोशी कोई डेढ़ घंटा बोले, प्रदेश भाजपा अध्यक्ष सूर्य प्रकाश साही भी कोई एक घंटा बीस मिनट बोले, ऐसे में अध्यक्ष जी के सब्र का बांध टूट गया, उन्होंने बाद में अपने पार्टी नेताओं को नसीहत दी कि ‘वे सिर्फ बोले नहीं कुछ करके ही दिखाएं।’
Posted on 30 December 2010 by admin
पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी के अच्छे स्वास्थ्य और उनके दीर्घायु जीवन की कामना के लिए देश भर के मंदिरों में पूजा-अर्चना हो रही है। सिर्फ दिल्ली में ही यहां के 14 जिलों में अलग-अलग तरीकों से पूजा-पाठ आयोजित हो रहे हैं। नई दिल्ली भाजपा जिला समिति ने तो 5 दिनों की भजन संध्या आयोजित की है, तो कहीं भंडारा हो रहा है, गरीबों में कंबल व वस्त्र बांटे जा रहे हैं, सात स्थानों पर तो स्पेशल पूजा चल रही है। सवाल मौजूं है कि आखिर अडवानी-गडकरी की मौजूदगी में भाजपा वालों की भीष्म पितामह पर इतनी कृपा कैसे?
Posted on 30 December 2010 by admin
बिहार में अपनी अभूतपूर्व जीत से बम-बम नीतीश कुमार अपनी पार्टी के वरिष्ठ नेता व एनडीए के संयोजक शरद यादव को जरा भी भाव नहीं दे रहे हैं, यहां तक कि बिहार विधानसभा चुनावों में भी पार्टी के कार्यक्रम जहां बनते थे उसमें से शरद का नाम गायब होता था, अपने चुनावी दौरे में भी शरद का हेलीकॉप्टर पार्टी की ओर से न होकर उनके द्वारा किराए पर लिया गया था, कहीं शरद का हश्र भी जॉर्ज फर्नांडीस की तरह न हो जाए, जब उन्हें अपने लिए पार्टी टिकट लेने में भी मशक्कत करनी पड़ जाए।
Posted on 30 December 2010 by admin
प्याज के आंसू रो रही यूपीए सरकार के लिए उनके घटकदलों के सहयोगी नित्य नई परेशानियां खड़ी कर रहे हैं, प्याज को लेकर कांग्रेस कर्णधारों ने शरद पवार पर निशाना साधा हुआ है कि जब पवार को मालूम था कि आने वाले दिनों में प्याज की किल्लत हो सकती है तो उन्होंने समय रहते प्याज के निर्यात पर रोक क्यों नहीं लगाई? राहुल गांधी ने तो यह कहकर मामले को एक नया मोड़ दे दिया कि प्रधानमंत्री सब (प्याज संकट) संभाल लेंगे। पूर्व में जब इंदिरा गांधी देश की प्रधानमंत्री थी और प्रणव मुखर्जी उनकी कैबिनेट के वित्त मंत्री थे तब भी एक दफे ऐसे ही प्याज का संकट गहराया था तो विपक्षी पार्टियों ने संसद में मुखर्जी को प्याज की माला विरोध स्वरूप भेंट की थी। कोई 12 साल पहले जब दिल्ली की कमान सुषमा स्वराज के पास थी तब भी प्याज के संकट में भाजपा को शीला दीक्षित के हाथों अपनी सरकार गंवानी पड़ी थी। यानी अभी बहुत रूलाने वाला है प्याज।
Posted on 21 December 2010 by admin
उमा भारती को पार्टी में लेने के लिए अडवानी सबसे ज्यादा इच्छुक हैं वे चाहते हैं कि उमा को पार्टी में लेकर उन्हें यूपी का प्रभारी बनाया जाए ताकी ओबीसी और खासकर लोध वोट भाजपा के पक्ष में गोलबंद हो सके, पर पार्टी के अन्य सीनियर नेता मसलन जेतली-सुषमा, वेंकैया, शिवराज आदि उमा को पार्टी में लिए जाने के खिलाफ हैं। और सबसे हैरान करने वाली बात तो यह कि स्वयं पार्टी अध्यक्ष गडकरी उमा को पार्टी में लिए जाने के पक्ष में नहीं, इसीलिए उमा की घर वापसी का मसला यूं ही टलता जा रहा है।
Posted on 21 December 2010 by admin
भाजपा का चाल-चरित्र व चेहरा बदलने की कवायद में सचमुच अध्यक्ष जी दिलो-जां से जुटे हैं, अभी वे भाजपा नेताओं का एक प्रतिनिधिमंडल लेकर इजरायल की यात्रा पर निकले हुए हैं, सबसे खास तो यह कि अब से पहले भाजपा के किसी भी प्रतिनिधिमंडल में कोई धोती वाला जरूर दिख जाता था, पर इस दफे तो गजब हो गया, अध्यक्ष जी के प्रतिनिधिमंडल में शामिल रामलाल भी झकाझक सूट में थे, जबकि आम तौर वे धोतीर्-कुत्ता पहनते हैं। स्वयं अध्यक्ष जी थ्री-पीस सूट में जगमग थे, भाजपा का चेहरा सचमुच भूमंडलीकरण के आइने में अपना अक्स तलाश रहा है।
Posted on 17 December 2010 by admin
देश के सबसे अमीर आदमी की बीबी हैं नीता अंबानी। उन्हें अपने महलनुमा घर के लिए हाल में ही क्रॉकरी खरीदनी थी वह भी कोई 25 हजार पीस, नीता की पसंद एक जापानी कंपनी का ब्रांड ‘नॉरिटेक’ था, यह कंपनी कोई 105 वर्ष पुरानी है, जो गोल्ड व प्लेटिनम प्लेटेड पॉर्सिलिन क्रॉकरी बनाती है। ‘नॉरिटेक’ का शो रूम मुंबई में केंप्स-कॉनर्र में अवस्थित है जो नीता के नए घर से महज कुछ फर्लांग की दूरी पर है। पर नीता ने यह क्रॉकरी खरीदी श्रीलंका से, जहां उन्हें इस पर 70 से 80 फीसदी का ‘डिस्काउंट’ मिला। यानी बिजली बिल से लेकर क्रॉकरी तक में अंबानी परिवार डिस्काउंट की चाह रखता है, यह बात थोड़ी हैरान करने वाली है, पर जो लोग गुजराती परिवारों से वाकिफ हैं, उन्हें बखूबी मालूम होगा कि इन परिवारों को फिजूलखर्ची भी रास नहीं आती है, चाहे वह देश का सबसे अमीर आदमी ही क्यों न हो?
Posted on 17 December 2010 by admin
‘पैसा वाकई खुदा है’ देश के सबसे बड़े थैलीशाह मुकेश अंबानी अपनी पत्नी और तीन बच्चों के साथ 27 मंजिली आलीशन इमारत ‘एंटीलिया’ में शिफ्ट कर गए हैं, इस मौके पर 28 नवंबर को गृह प्रवेश की एक जोरदार पार्टी होने वाली थी, जिसके लिए देश के शीर्ष राजनेताओं, उद्योगपतियों व प्रमुख लोगों को आमंत्रण पत्र भी भेजे जा चुके थे, कि 2जी स्पेक्ट्रम की आंच में यह पार्टी झुलस गई, कैंसिल हो गई। मुकेश का तर्क था कि उनके पुत्र-पुत्री जो विदेश में पढ़ रहे हैं उन्हें स्वदेश आने के लिए छुट्टी नहीं मिली। 25 नवंबर को मुकेश ने अपने इस नए महल में एक छोटी-सी पार्टी रख ली जिसमें खास-खास लोगों को न्यौता गया था, बहाना बनाया गया कि लंदन के मशहूर अनिवासी भारतीय स्कल्पचर अनीस कपूर के सम्मान में रखी गई थी यह पार्टी। बड़े अंबानी के चंपुगणों में होड़ मची है कि उनके इस नए आशियाने की तारीफों के पुल वे किस कदर बांध रहे, एक चंपू ने तो यह कहकर हद कर दी कि अब ‘एंटीलिया’ के आगे ताजमहल भी फीका पड़ गया है। पहले माह इस आशियाने का बिजली बिल 70 लाख का आया (6,37,240 यूनिट की खपत हुई) पर इन्हें सरकार की ओर से 48,354 का डिस्काउंट दे दिया गया, तर्क दिया गया कि यह डिस्काउंट ससमय पेमेंट देने के लिए मिला। बिजली-पानी के लिए तरसते आम लोगों के इस देश में जीना है तो अंबानी बनकर जीओ। पर आम लोग हैं जो इंटरनेट पर बड़े मियां अंबानी को लाख लानतें भेज रहे हैं कि उनका यह महल वक्फबोर्ड की जिस जमीन पर बना है वह अनाथ बच्चों के आशियाने के लिए था।
Posted on 10 December 2010 by admin
आखिर ईडी को नीरा राडिया के फोन टेप करने की इजाजत किसने दी थी? उस वक्त चिदंबरम देश के वित्त मंत्री थे और मधुकर गुप्ता गृह सचिव, सीबीडीटी ने फोन टेपिंग के लिए गृह सचिव से इजाजत मांगी थी, बाद में इस फाइल को स्वीकृति के लिए चिदंबरम को भी भेजा गया था, जिस पर उनकी स्वीकृति के हस्ताक्षर दर्ज हुए। पहले गृह सचिव ने ‘ऑफ द रिकार्ड’ स्वीकार किया कि पूरे मामले की जांच होगी कि कैसे टेप लीक हुआ, जब टाटा कोर्ट में गए तो वीरप्पा मोइली का भी बयान आया कि ‘लीक’ की जांच होगी, पर चिदंबरम ने इस तमाम कयासों पर विराम लगाते हुए कहा कि ‘किसी जांच की कोई आवश्यकता ही नहीं है।’ और यह मामला ठंडे बस्ते में डाल दिया गया। अनिल अंबानी से चिदंबरम की दोस्ती किसी से छुपी नहीं है, और लोग कह रहे हैं कि 2जी स्पेक्ट्रम मामले के लीक के सबसे बड़े लाभार्थी अनिल अंबानी ही हैं, विरोध पक्ष तो यह भी आरोप लगा रहा है कि इस टेप को लीक करने में अनिल अंबानी की भी एक अहम भूमिका है।
Posted on 10 December 2010 by admin
देश के इतने बड़े औद्योगिक सिरमौर रतन टाटा की सरकार से नाराजगी छुपाए नहीं छुप रही, खासकर वे गृह मंत्री पी.चिदंबरम से खासा नाराज हैं। शरद पवार पूरी तरह से टाटा के पक्ष में उतर आए हैं, वे प्रधानमंत्री और प्रणब मुखर्जी से मिले और उनसे कहा कि सरकार को अपने रवैए पर पुनर्विचार करने की जरूरत है, वरना इतना बड़ा कोई उद्योगपति कांग्रेस से रूष्ट होकर अगर भाजपा की गोद में बैठ जाएगा तो यह कांग्रेस की सेहत के लिए अच्छा नहीं होगा। पीएम और प्रणब ने पवार की बातों पर कितना कान धरा है, आने वाले दिनों में इसका पता चल जाएगा।