Archive | विशेष

छह बज गए पार्टी अभी बाकी है

Posted on 10 April 2011 by admin

राहुल गांधी भारत-श्रीलंका का फाइनल मैच देखने के लिए दिल्ली से अपने आठ दोस्तों के साथ मुंबई पहुंचे थे, वह भी एक नियमित एयरलाइंस के वाई क्लास में सफर करके। भारत की जीत के बाद राहुल व दोस्तों ने पूरी रात पार्टी की। पहले तो जीत का जश्न युवराज ने अपने दोस्तों के साथ वर्ली इलाके में मनाया। फिर राहुल के ही एक दोस्त उन्हें सलमान खान के घर पर ले गए जहां सुबह 6 बजे तक पार्टी चली।

Comments Off on छह बज गए पार्टी अभी बाकी है

मोदी से उगाही की कोशिश

Posted on 10 April 2011 by admin

आईपीएल का नया हंगामा शुरू हो चुका है। पर इसके पूर्व कमिश्नर ललित मोदी मुश्किलों से बाहर निकलते नजर नहीं आते। फिलहाल मोदी परिवार सहित लंदन में हैं। उन पर पहले से ही कई मुकदमे चल रहे हैं। सूत्र बताते हैं कि पिछले दिनों ललित ने वसुंधरा राजे को फोन कर बताया कि उन्हें भारत का एक कारोबारी जो खुद को एक केंद्रीय मंत्री का करीबी बताता है, उनसे फोन कर 50 करोड़ रूपयों की मांग कर रहा है। मोदी को वह कारोबारी, कथित तौर पर धमकी दे रहा है कि अगर उन्होंने पैसों का भुगतान नहीं किया तो केंद्रीय मंत्री विदेश मंत्रालय को पत्र लिखकर उनके ऊपर कई नए मुकदमे चलाने की हरी झंडी दे सकते हैं, सनद रहे कि ज्यादातर मामले ईडी से जुड़े हुए हैं।

Comments Off on मोदी से उगाही की कोशिश

पवार पर होता वार

Posted on 03 April 2011 by admin

महाराष्ट्र के स्थानीय निकाय चुनावों में कांग्रेस को आंखें तरेरना शब्द पवार को भारी पड़ रहा है। एक के बाद एक पवार से जुड़े मुद्दे प्रकाश में आ रहे हैं और शरद के मन का अंधेरा बढ़ता ही जा रहा है। 2जी का मामला परत दर परत जिस प्रकार खुल रहा है और उसमें पवार कनेक्शन जिस भांति बेपर्दा हो रहा है वह इस मराठा दिग्गज के लिए चिंता की बात है। शाहिद बल्वा, आसिफ बल्वा से होता हुआ 2जी कनेक्शन जिस तरह डी-कंपनी से जुड़ रहा है, यानी सीबीआई की जो चार्जशीट फाइल हो रही है वह हैरान करने वाली है। संजय चंद्रा का भी नाम चार्जशीट में आ रहा है। ऐसा सूत्रों का कहना है। 2जी मामले में 25 अप्रैल तक सीबीआई तमाम चार्जशीट फाइल कर देगी, इसके बाद कुछ बड़े खिलाड़ियों की परेशानी बढ़ सकती है, इन्हें अदालत से जमानत लेनी पड़ सकती है। अनिल अंबानी को भी लगता है कि अमर सिंह के पुराने साथ का खामियाजा भुगतना पड़ सकता है। उनके बचाव में पी.चिदंबरम काफी सक्रिय हैं, पर एक अकेला चना, भाड़ तो नहीं फोड़ता!

Comments Off on पवार पर होता वार

पिता-पुत्र संवाद

Posted on 03 April 2011 by admin

प्रणब पुत्र अभिजीत सो इस दफे कांग्रेस के टिकट पर नलहटी से चुनाव लड़ रहे हैं, वे पिछले विधानसभा चुनावों के वक्त ही राजनीति में कूदने के इच्छुक थे, पर प्रणब दा तब नहीं माने थे। प्रणब दा तो इस बार भी नहीं मान रहे थे, पिता-पुत्र में जमकर संवाद हुआ। पिता ने पुत्र से कहा-‘तुम एक नवरत्न कंपनी में जनरल मैनेजर हो, तुम्हारा अच्छा भविष्य है, कल को तुम ‘सेल’ (स्टील अथॉरिटी ऑफ इंडिया) के चेयरमैन भी बन सकते हो।’ पुत्र ने पिता से कहा-‘जब आप अपनी लेक्चरशिप छोड़ कर राजनीति में आए थे तब आपकी उम्र मात्र 35 वर्ष थी, आप मन लगाकर अध्यापन कार्य करते तो किसी कॉलेज के प्रिंसीपल भी बन सकते थे।’ पुत्र के उलहानों को पिता समझ चुका था, वैसे भी अभिजीत की जीत नलहटी में आसान है क्योंकि ममता ने वहां कैंडीडेट नहीं दिया है, और वह तृणमूल का गढ़ है, वहां के म्यूनिसिपल कॉरपोरेशन का चेयरमैन भी तृणमूल का है, जिसे ममता ने समझा बुझाकर चुनाव में बिठा दिया। अभिजीत की पत्नी झुम्पा भी उनके साथ चुनाव प्रचार में जुटी हैं। इनके दो बच्चे हैं बड़ी बेटी और बेटा छोटा है, दोनों लंदन में पढ़ते हैं। ममता ने पहले अभिजीत को तृणमूल का टिकट ऑफर किया था पर वे नहीं माने। अब चूंकि प्रणब मान गए हैं सो अपने पुत्र के चुनाव प्रचार को भी राजी हो गए हैं, पिता-पुत्र 7-8 अप्रैल को इस निर्वाचन क्षेत्र में पदयात्रा करने वाले हैं।

Comments Off on पिता-पुत्र संवाद

मुंडा देख तेरे अफसर बिगड़े जाएं

Posted on 22 March 2011 by admin

झारखंड में अर्जुन मुंडा सरकार के मंत्री अफसरशाही से त्रस्त हैं। राज्य के मानव संसाधन विकास मंत्री बैजनाथ राम की अपनी सचिव मृदुला सिन्हा से बिल्कुल नहीं पट रही है, वैसे भी श्रीमती सिन्हा रांची में कम अमेरिका अपने पति के पास ज्यादा रहती हैं। कृषि मंत्री सत्यानंद झा बादुल की अपने सचिव अरुण सिंह से खूब उठापटक चल रही है, सिंह पर पर्यटन घोटाला से लेकर आलू घोटाला तक के आरोप लगे हैं। राज्य की पर्यटन मंत्री विमला प्रधान की अपने सचिव ए.पी.सिंह और पर्यटन निदेशक सिध्दार्थ त्रिपाठी से एकदम नहीं पट रही है। स्वास्थ्य मंत्री हेमलाल मुर्मु के पास तो उनके मंत्रालय के अधीनस्थ आरसीएच की प्रभारी अराधना पटनायक कोई फाइल ही नहीं भेजती हैं। अल्पसंख्यक कल्याण मंत्री हाजी हुसैन अंसारी की भी अपने सचिव अरुण सिंह से खूब उठापटक है, आपराधिक छवि वाले मंत्री राजा पीटर के सचिव तो उनसे मिलने ही नहीं आते। गौरतलब रहे कि ये सारे मंत्री लगातार अपने अधिकारियों को बदले जाने की मांग कई-कई बार मुख्यमंत्री से कर चुके हैं, पर मुंडा अपने चिरपरिचित अंदाज में हाथ पर हाथ धरे बैठे हैं। कुछ तो बताओ, इंतजार किसका है?

Comments Off on मुंडा देख तेरे अफसर बिगड़े जाएं

सब अमन चैन से है

Posted on 22 March 2011 by admin

नई दिल्ली के लोदी रोड स्थित अमन होटल भी डीएलएफ के स्वामित्व वाला है। यहां पर अक्सर बड़े-बड़ों का अड्डा देखा जा सकता है, पी.चिदंबरम, अनिल अंबानी, रॉबर्ट वढेरा आदि यहां के नियमित मेहमान हैं। कई भाजपा नेताओं की भी यह पसंदीदा जगह है। अब डीएलएफ और दामाद जी का मामला पहले की तुलना में कहीं शांत लगता है, पहले भाजपा सोमवार को जोर-शोर से इसे संसद में उठाने वाली थी। यह मामला संसद में उठाया जाए अथवा नहीं इसको लेकर भी पार्टी दो हिस्सों में बंटी दिखाई देती थी, अडवानी, सुषमा इस राय के थे ऐसा करना गांधी परिवार पर निजी हमला होगा, वहीं पार्टी अध्यक्ष गडकरी, जेतली, जसवंत सरीखे पार्टी हैवीवेट इसे एक जनहित से जुड़ा मुद्दा मानते हैं। पर डीएलएफ वालों ने अपने पुराने वकील को पटाने में जमीन-आसमां एक कर दिया, उन्हें पुरानी सेवाओं का वास्ता दे रहे हैं, नेता माने न माने वकील दिल तो मान ही जाएगा। सो दामाद जी का मुद्दा भी जमींदोज हुआ समझिए।

Comments Off on सब अमन चैन से है

श्रीनिवासन के लिए मुश्किलें बड़ी हैं

Posted on 15 March 2011 by admin

बीसीसीआई के प्रेसिडेंट इलेक्ट (यह इस सितंबर माह में शशांक मनोहर से चार्ज लेंगे) श्रीनिवासन के लिए मुश्किलें कम होने का नाम नहीं ले रही। वित्त मंत्रालय की स्थायी कमेटी की रिपोर्ट में इन्हें दोषी करार दिया जा सकता है, आईपीएल-2 के दौरान जो पैसे साउथ अफीका ट्रांसफर किए गए कहते हैं बीसीसीआई से उसकी परमिशन नहीं ली गई। श्रीनिवासन उस वक्त बीसीसीआई के टे्रजरर (कोषाध्यक्ष) थे, अपने बचाव में उनका कहना था कि उन्होंने पवार के दबाव में ऐसा किया। श्रीनिवासन इंडिया सीमेंट के मालिक भी हैं और चैन्नई सुपरकिंग्स टीम भी इनकी ही है, सो सुप्रीम कोर्ट में एक मामला अभी उनके ऊपर चल रहा है कि ऐसे में कैसे वे बीसीसीआई के मुखिया हो सकते हैं, जबकि आईपीएल में उनकी टीम खेल रही है, यह ‘कांफ्लिक्ट ऑफ इंटरेस्ट’ का मामला है, सुप्रीम कोर्ट को अभी इस बारे में निर्णय लेना है और जनता की अदालत को भी।

Comments Off on श्रीनिवासन के लिए मुश्किलें बड़ी हैं

यह जो सोनिया हैं!

Posted on 08 March 2011 by admin

मंगलवार की बात है, सोनिया गांधी संसद भवन से दस जनपथ अपने आवास के लिए निकली थीं, उन्हें गेट नंबर 8 से होकर निकलना था। आम तौर पर सोनिया काफी तेज चलती हैं, उनके साथ एसपीजी और कांग्रेस के कुछ उत्साही नेता गण भी भाग-भाग कर चल रहे थे कि सामने गैलरी में नेता प्रतिपक्ष सुषमा स्वराज दिख गईं, जो धीर गंभीर सधे कदमों से धीरे-धीरे चलते हुए संसद भवन में अवस्थित अपने कमरे की ओर जा रही थी। तब तक सोनिया के साथ चल रही रानी नेहरा आगे बढ़कर सुषमा से शायद यह कहना चाह रही थीं कि वे सोनिया जी के लिए रास्ता दें, वह जैसे ही सुषमा की ओर लपकीं, सोनिया ने उन्हें डपट दिया-‘शी इज ए सीनियर लीडर, डांट डू डैट’, इन बातों से अनजान सुषमा अपनी ही रौ में चलती जा रही थीं, जब अपने कमरे में जाने के लिए नेता प्रतिपक्ष गैलरी से दाएं तरफ मुड़ीं, तब ही सोनिया का काफिला तेजी से गेट नंबर 8 की ओर लपका।

Comments Off on यह जो सोनिया हैं!

उप मुख्यमंत्री बनेंगे चिरंजीवी

Posted on 27 February 2011 by admin

आंध्र में जगन मोहन रेड्डी फैक्टर से उबरने के लिए भले ही कांग्रेस ने प्रजाराज्यम पार्टी से हाथ मिला लिया हो, और विलय की खिचड़ी भी पक गई हो, पर पेंचोखम अभी और भी हैं, पहले तो प्रजाराज्यम पार्टी के मुखिया चिरंजीवी इस बात पर अड़े थे कि उन्हें केंद्र में मंत्री बनना है। अब चूंकि वे संसद के दोनों सदनों में से किसी के सदस्य नहीं है, चुनांचे उन्हें राज्यसभा में लाना भी कांग्रेस की ही जिम्मेदारी बनती थी। अब हाल के दिनों में कांग्रेस के पास एक नया सुझाव आया है कि क्यों नहीं चिरंजीवी को प्रदेश की किरण राव सरकार में डिप्टी सीएम बना दिया जाए, अगर चिरंजीवी उप मुख्यमंत्री पद आसीन हो जाते हैं तो फिर कांग्रेस आंध्र में अपनी डूबती नैया को उबारने की सोच सकती है।

Comments Off on उप मुख्यमंत्री बनेंगे चिरंजीवी

बुध्ददेव का बुध्दत्व

Posted on 27 February 2011 by admin

किसी बंगाली अखबार में नहीं अपितु एक मलयाली अखबार ‘मलयालम मनोरमा’ से अपनी बातचीत में बंगाल के मुख्यमंत्री बुध्ददेव भट्टाचार्य ने स्वीकार कर लिया कि इस दफे बंगाल से वामपंथी सत्ता से बेदखल हो रहे हैं, पर बुध्ददेव ने कहा कि लोगों के हक के लिए उनका दल राज्य में पहले के ही भांति कार्य करता रहेगा। सनद रहे कि बुध्ददेव ने इस अखबार के जिस पत्रकार को इंटरव्यू दिया है वह सीपीएम महासचिव प्रकाश कारत का बेहद करीबी माना जाता है, प्रकाश ने अभी अपने जन्मदिन के मौके पर इसी पत्रकार को एक लंबा साक्षात्कार दिया था जिसमें उन्होंने बताया था कि वृंदा से उन्हें कैसे प्यार हुआ था। इस बातचीत में बुध्ददेव ने कहा कि प्रकाश कारत से उनका कोई झगड़ा नहीं। यह तो मीडिया द्वारा रंजित बातें हैं। यानी बंगाल चुनाव हारने से पहले अपने पार्टी महासचिव का दिल जीतने में जुट गए हैं बुध्ददेव।

Comments Off on बुध्ददेव का बुध्दत्व

Download
GossipGuru App
Now!!