Archive | December, 2022

मंच पर नेता, सामने नहीं श्रोता

Posted on 26 December 2022 by admin

जब से लालू-प्रिय बिहार के एक भूमिहार नेता अखिलेश प्रसाद सिंह बिहार प्रदेश कांग्रेस कमेटी के नए अध्यक्ष बनाए गए हैं (सौजन्य से खड़गे) उनके हौसले नई कुलांचे भर रहे हैं। अभी इस 11 दिसंबर को अखिलेश बिहार के कुछ कद्दावर कांग्रेसी नेताओं को एक चार्टर्ड फ्लाइट से दिल्ली से पटना लेकर आए, जहां उन्हें पटना के स्थानीय बापू सभागार में अपना एक ’मेगा शो’ करना था। सिंह के इस चार्टर्ड फ्लाइट में सवार होकर मीरा कुमार, तारिक अनवर, बिहार के कांग्रेस प्रभारी भक्त चरण दास जैसे नेतागण पटना पहुंचे थे। ये नेतागण जब बापू सभागार पहुंचे तो यह देख कर दंग रह गए कि मंच तो नेताओं की भीड़ से खचाखच भरा था, पर वक्ताओं को सुनने वाले गिनती के दो-चार श्रोता थे। अब यह कहने की बात नहीं रह गई कि बिहार में कांग्रेस में कार्यकर्ता नदारद हैं, बच गए हैं सिर्फ नेता गण।

Comments Off on मंच पर नेता, सामने नहीं श्रोता

आप तो ऐसे न थे!

Posted on 26 December 2022 by admin

पिछले सप्ताह संसद में भाजपा सांसद किशीरी लाल मीणा ने एक प्राइवेट मेंबर बिल पेश किया जो समान नागरिक संहिता को लेकर था। जब वोटिंग का समय आया तो आम आदमी पार्टी के राज्यसभा सांसद राघव चड्डा उठ खड़े हुए, साथ बैठे एक साथी सांसद से कहा कि उनका एक जरूरी फोन आ रहा है, बाहर निकल कर उन्हें बात करनी होगी (जबकि हाउस में जैमर लगा है, फोन नेटवर्क ही नहीं आता)। चड्डा के सदन से बाहर निकलने के तुरंत बाद आप सांसद संजय सिंह भी उठ खड़े हुए बाहर जाने के लिए, उन्होंने साथ बैठे अपने साथी सांसद से कहा कि ’देखिए इस मसले पर हमारी पार्टी का रुख न पक्ष में हैं न खिलाफ, सो मैं वोट नहीं कर पाऊंगा, इसीलिए मैं भी बाहर जा रहा हूं।’ सो, आखिरकार इस विधेयक के पक्ष में 63 और इसके विपक्ष में 23 वोट पड़े।

Comments Off on आप तो ऐसे न थे!

हार पर प्रहार

Posted on 26 December 2022 by admin

संसद के मौजूदा शीतकालीन सत्र के दौरान भाजपा सांसदों की बैठक संसद सौंध में आहूत थी, जिसमें बड़ी संख्या में भाजपा सांसदों का जमावड़ा जुटा था। आम तौर पर पार्लियामेंट्री एनेक्सी में प्रधानमंत्री का प्रवेश सामने के दरवाजे से होता है, जहां भाजपा के राष्ट्रय अध्यक्ष जेपी नड्डा एक बड़ी सी माला लेकर पीएम की अगवानी के लिए मुस्तैद थे। पर इस बार पीएम वहां पहुंचे पिछले गेट से, नड्डा भी भागे-भागे पीछे वाली गेट पर पहुंचे, पीएम का स्वागत किया। मोदी ने नड्डा से चुटकी ली ’यह हिमाचल का हार पहना रहे हैं?’ नड्डा कुछ समझ पाते इससे पहले पीएम आगे बढ़ गए। उस मीटिंग में पीएम ने गुजरात की शानदार जीत के लिए वहां के प्रदेश अध्यक्ष सीआर पाटिल की पीठ बार-बार थपथपाई, बिचारे नड्डा के लिए इशारा ही काफी था।

Comments Off on हार पर प्रहार

योगी का विदेशी दौरा खटाई में

Posted on 26 December 2022 by admin

अगले महीने यूपी के सीएम योगी को शिकागो, न्यूयॉर्क और लंदन की यात्रा पर निकलना था, इस यात्रा का मकसद राज्य के लिए विदेशी निवेश जुटाने का था। पिछले काफी महीनों से योगी की इस विदेश यात्राओं को लेकर तैयारियां जोरों पर थीं। यह भी तय हुआ था योगी जहां-जहां जाएंगे वे पीएम मोदी की यात्रा की तर्ज पर ही वहां के स्थानीय भारतीय समुदाय को संबोधित भी करेंगे, आयोजकों का भरोसा था कि योगी की हर ऐसी सभा में कम से कम चार से पांच हजार अप्रवासी भारतीयों की भीड़ जुट जाएगी। अब खबर आ रही है कि योगी की इस यात्रा को गृह मंत्रालय से आखिर वक्त पर मंजूरी नहीं मिली है, उल्टे उनसे यह कहा गया है कि वे बैकग्राउंड में रह कर काम करना सीखें।

Comments Off on योगी का विदेशी दौरा खटाई में

योगी क्यों तलब किए गए दिल्ली?

Posted on 26 December 2022 by admin

’सांय-सांय करते इन अंधेरों से लड़ना है मुझे
कल के माथे पर शिद्दत से आज लिखना है तुझे
इन बुझे चेहरों पर थोड़ी धूप मलनी है मुझे
उम्मीदों के आसमां पर सूरज बन चमकना है मुझे’
न तो यूपी से दिल्ली दूर है और न ही योगी आदित्यनाथ की उद्दात महत्वाकांक्षाओं से। अभी पिछले दिनों भाजपाध्यक्ष जेपी नड्डा के दिल्ली आवास पर जब यूपी के सीएम योगी पधारे तो सियासी फिजाओं के रंग किंचित गड्डमगड्ड थे। योगी के साथ अहम मीटिंग में शामिल होने के लिए गृह मंत्री अमित शाह, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, भाजपा के संगठन महामंत्री बीएल संतोष खास तौर पर पधारे थे। मीटिंग में नड्डा कम बोले, राजनाथ आमतौर पर कुछ बोलते ही नहीं। सो पार्टी हाईकमान ने बातों ही बातों में योगी के समक्ष असंतोष जाहिर किया कि उन्हें गुजरात के चुनाव प्रचार में ‘यूपी मॉडल’ के बखान की क्यों जरूरत पड़ गई, जबकि देश के समक्ष हमेशा से भगवा पार्टी ’गुजरात मॉडल’ को एक नजीर की तरह पेश करती आई है। मुद्दा योगी सरकार में ही मंत्री नंदगोपाल नंदी का जेपी नड्डा को लिखे उस पत्र का भी उठा, जिसमें गुप्ता ने आरोप लगाया कि ’राज्य के व्यापारियों पर बिलावजह जीएसटी के छापे पड़ रहे हैं, एजेंसियां उन्हें परेशान कर रहीं हैं। इस बात से राज्य का व्यापारी वर्ग नाराज़ है, जबकि आने वाले कुछ दिनों में यूपी में महापौर के चुनाव भी होने हैं।’ हाईकमान को यूपी उप चुनाव के नतीजों को लेकर भी परेशानी है, दरअसल चुनावी नतीजे आने से पहले योगी ने दिल्ली से कहा था कि मैनपुरी में जीत-हार का अंतर मामूली होगा, खतौली और रामपुर भाजपा जीत रही है। लेकिन जब नतीजे आए तो मैनपुरी से डिंपल यादव 2 लाख 88 हजार के अंतर से विजयी रहीं, खतौली की सीट भी जयंत चौधरी की पार्टी ने जीत ली। सूत्रों की मानें तो इस बैठक में योगी को शिद्दत से यह याद दिलाने की कोशिश हुई कि वे कभी इस बात को भूले नहीं कि यूपी की जीत भाजपा को पीएम मोदी के चेहरे पर मिली है। जरूरी हुआ तो योगी को दिल्ली भी लाया जा सकता है।

Comments Off on योगी क्यों तलब किए गए दिल्ली?

कुढ़नी की हार से जदयू व राजद में तनाव

Posted on 26 December 2022 by admin

बिहार की कुढ़नी विधानसभा सीट के उप चुनाव में जिस तरह जदयू नीत महागठबंधन को भाजपा के हाथों शिकस्त खानी पड़ी उसने नीतीश व तेजस्वी के संबंधों में एक कटुता ला दी है। कुढ़नी परंपरागत रूप से राजद की सीट रही है, राजद विधायक अनिल कुमार सहनी के अयोग्य घोशित होने से यह सीट खाली हुई थी। नीतीश ने तेजस्वी से यह सीट अपने लिए मांग ली और यहां से जदयू उम्मीदवार चारों खाने चित्त हो गया। भाजपा ने यहां के चुनाव में यादव-मुसलमानों का हौव्वा दिखा कर ओबीसी जातियों खास कर कुर्मी-कोयरी व कुशवाहा वोटों के अपने पाले में कर लिया, मांझी वोटर भी भाजपा के साथ चले गए। नीतीश ने अपनी खास वफादार लेसी सिंह को कुढ़नी सीट का प्रभारी बना रखा था, उनकी रिपोर्ट के अनुसार महागठबंधन यह सीट 20 हजार से ज्यादा मतों से जीत रहा था। तेजस्वी ने नीतीश से पहले भी कहा था कि ’प्रभारी बदलिए नहीं तो यह सीट हाथ से जाएगी, क्योंकि लेसी तो गेस्ट हाउस से बाहर ही नहीं निकल रही हैं।’ पर तब नीतीश के कानों में जूं तक नहीं रेंगी, तेजस्वी इस बात को लेकर ज्यादा परेशान हैं कि हालिया दिनों में बिहार में 3 सीटों पर उप चुनाव हुए हैं, जहां भाजपा ने मोकामा छोड़ कर बाकी दो सीटों पर महागठबंधन को हरा दिया है।

Comments Off on कुढ़नी की हार से जदयू व राजद में तनाव

लोगों के बीच जाएंगे नवीन पटनायक

Posted on 26 December 2022 by admin

ओडिशा की पदमपुर विधानसभा सीट पर भले ही राज्य में सत्तारूढ़ बीजद ने जीत दर्ज कर ली हो, पर राज्य में भाजपा के तेजी से होते अभ्युदय ने पार्टी के बड़े रणनीतिकारों की पेशानियों पर बल ला दिए हैं। बीजद उम्मीदवार ने भाजपा के अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी को लगभग 42 हजार वोटों से हरा दिया, जबकि बीजद की परपंरागत प्रतिद्वंद्वी रही कांग्रेस यहां चारों खाने चित्त हो गई, यहां कांग्रेसी उम्मीदवार सत्यभूषण साहू अपने लिए मात्र 1.75 फीसदी ही मत जुटा पाए और यहां उनकी जमानत जब्त हो गई। नतीजा आने के बाद नवीन पटनायक ने अपने पीएस और सलाहकार वीके पांडियन से एक लंबी गुफ्तगू की और 2024 को लेकर विधानसभा व लोकसभा चुनावों की रणनीति पर चर्चा की। पांडियन का साफ तौर पर मानना था कि ’राज्य में जिस तेजी से भाजपा का विस्तार हुआ है वह बीजद के लिए खतरे की घंटी है।’ सो पांडियन ने नवीन से कहा कि ’अगर उन्हें भाजपा को परास्त करना है तो उन्हें स्वयं ज्यादा से ज्यादा जनसभाएं करनी होगी।’ यूं भी पदमपुर उप चुनाव में दो साल में पहली बार नवीन पटनायक ने कोई जनसभा की थी।

Comments Off on लोगों के बीच जाएंगे नवीन पटनायक

गांधी परिवार को रानी साहिबा का न्यौता

Posted on 26 December 2022 by admin

8 दिसंबर को जब रानी साहिबा प्रतिभा सिंह ने प्रियंका गांधी को फोन किया था तब बातों ही बातों में उनसे यह आग्रह भी किया था कि ’चूंकि कल (9 दिसंबर) सोनिया गांधी जी का जन्मदिन है, इस मौके पर हम आप पूरे परिवार को हिमाचल आने का न्यौता देते हैं, आप, सोनिया जी व राहुल जी यहां आएं और माता चिंतपूर्णी या ज्वाला देवी के दर्शन करें, उनका आशीर्वाद लें और 2024 के लोकसभा चुनावों का आगाज़ भी कर दें।’ कहते हैं इस पर प्रियंका ने रानी साहिबा से दो टूक कह दिया कि ’गांधी परिवार हमेशा से पर्सनल और प्रोफेशनल लाइफ दोनों को अलग-अलग रखता हैं। मां का बर्थडे परिवार का निजी कार्यक्रम ही रहेगा।’ इसके बाद गांधी परिवार सोनिया के ’बर्थडे’ के मौके पर राजीव गांधी की पसंदीदा जगह रणथंभौर नेशनल पार्क आ गया, राहुल भी अपनी भारत जोड़ो यात्रा से ब्रेक लेकर रणथंभौर पहुंच गए, फिर परिवार ने सोनिया का 76वां बर्थडे वहीं सेलिब्रेट किया। साथ में टाइगर सफारी का भी लुत्फ उठाया।

Comments Off on गांधी परिवार को रानी साहिबा का न्यौता

प्रियंका करेंगी हिमाचल सीएम का फैसला

Posted on 26 December 2022 by admin

अनिश्चय के सियासी भंवर में डूबती-उतरती कांग्रेस के लिए हिमाचल सुकून का एक ठंडा झोंका लेकर आया है। चूंकि हिमाचल चुनाव के अमूमन सभी अहम फैसले कांग्रेस के नज़रिए से प्रियंका ने लिए थे, सो माना जा रहा है कि प्रदेश का नया सीएम चुनने में उनकी सबसे महती भूमिका होगी। हिमाचल के चुनावी नतीजे आने के तुरंत बाद रानी साहिबा यानी स्वर्गीय वीरभद्र सिंह की पत्नी प्रतिभा सिंह ने प्रियंका को फोन कर कहा था कि ’यह हिमाचल की जनता की अपने स्वर्गीय राजा साहिब (वीरभद्र सिंह) को सच्ची श्रद्धांजलि है, इस जीत को इसी रूप में देखा जाना चाहिए।’ यानी एक तरह से रानी साहिबा ने सीएम पद के लिए अपने परिवार की दावेदारी पेश कर दी कि या तो उन्हें या फिर उनके पुत्र विक्रमादित्य सिंह को हिमाचल की बागडोर मिले। कहते हैं इस पर प्रियंका ने रानी साहिबा से कहा कि ’विक्रमादित्य अभी काफी युवा हैं, नेतृत्व करना उन्हें सीखना होगा, हम उन्हें अगली कैबिनेट में जरूर लेना चाहेंगे।’ प्रतिभा सिंह को लेकर कांग्रेस में ऊहापोह की स्थिति है, वह मंडी संसदीय सीट से सांसद भी हैं, सो उनको सीएम बनाने का अर्थ होगा मंडी लोकसभा सीट पर उप चुनाव और उन्हें विधायक बनाने के लिए किसी निर्वाचित विधायक का इस्तीफा भी करवाना होगा। इन चुनावों में मंडी क्षेत्र में कांग्रेस का प्रदर्शन उतना उम्दा भी नहीं रहा है, सो पार्टी इस बारे में कोई रिस्क नहीं लेना चाहती। इसके तुरंत बाद प्रियंका के पास पूर्व प्रदेश अध्यक्ष सुखविंदर सिंह सुक्खू का फोन आ गया, जिन्होंने दावा किया कि ’उन्हें पार्टी के 10 विधायकों का समर्थन प्राप्त है।’ सूत्रों की मानें तो सुक्खू से प्रियंका ने कहा कि ’एक बार कमेटी की रिपोर्ट आ जाने दीजिए, फिर आप से भी बात करते हैं।’

Comments Off on प्रियंका करेंगी हिमाचल सीएम का फैसला

केंद्रीय मंत्रिमंडल में फेरबदल के आसार

Posted on 26 December 2022 by admin

’बस इस उम्मीद में तेरे दर पर रोज एक चि़राग जला देते हैं
मेरे ख्वाब हो रौशन, इसी लौ से एक टीका लगा लेते हैं’
ऐसे कयास लग रहे हैं कि बहुत जल्द मोदी कैबिनेट में एक बड़ा फेरबदल होने जा रहा है। सूत्रों की मानें तो मंत्रियों के प्रदर्शन को आधार बना कर उनके ’रिपोर्ट कार्ड’ तैयार किए गए हैं। यह भी सुनने में आ रहा है कि इस बार कई हैवीवेट मंत्रियों की विकेट गिर सकती है। दो युवा मंत्रियों को उनके अति उत्साही बोलों की कीमत चुकानी पड़ सकती है। दिल्ली के निकाय चुनावों को आधार बनाते हुए मनोज तिवारी या गौतम गंभीर में से किसी को मंत्री बनाया जा सकता है, मीनाक्षी लेखी पर भी खतरे की तलवार टंगी है। फेरबदल के कयासों को इस बात से भी बल मिला है कि गृह मंत्री अमित शाह से मिलने के लिए भगवा सांसद गण लगातार टाइम मांग रहे हैं। यूपी के एक चर्चित सांसद जब शुक्रवार को गृह मंत्री से मिल कर बाहर निकले तो उनके सहयोगियों के हौंसले बम-बम थे, उन्हें उम्मीद बंध गई है कि सांसद महोदय इस दफे मंत्री बनने के लिए कतार में शामिल हो गए हैं।

Comments Off on केंद्रीय मंत्रिमंडल में फेरबदल के आसार

Download
GossipGuru App
Now!!