| जुआरियों के हाथों ‘पाप लीग’ |
|
May 26 2013 |
|
‘इंडियन पाप लीग’ यानी आईपीएल आज की तारीख में क्रिकेट नहीं केसिनो हो गया है और आज के इस परिदृश्य में सब के सब जुआरी हो गए हैं। अगर श्रीनिवासन फंसते हैं तो धोनी भी फंस सकते हैं। सो, देखना दिलचस्प रहेगा कि किस-किस का विकेट कब गिरता है? बीसीसीआई अध्यक्ष श्रीनिवासन का इस्तीफा कभी भी हो सकता है। हालांकि आईपीएल कमिश्नर व केंद्रीय मंत्री राजीव शुक्ला उन्हें बचाने का भरसक यत्न कर रहे हैं। रही बात यूपीए सरकार की तो वह इस मुद्दे पर असमंजस में है, क्योंकि श्रीनिवासन का पक्ष लेकर वह शरद पवार से रार लेने की इच्छुक नहीं। शरद पवार पिछले काफी समय से श्रीनिवासन का विकेट गिराने की व्यूह रचना बनाने में जुटे हैं। पवार का मुंबई पुलिस पर न केवल अच्छा प्रभाव है अपितु कुछ हद तक उस पर नियंत्रण भी है, चुनांचे श्रीनिवासन के दामाद मयप्पन को लेकर मुंबई पुलिस की अतिसक्रियता समझ आती है। पवार के तमिल महारानी जयललिता से भी अच्छे तालुक्कात हैं और इंडिया सीमेंट के मालिक श्रीनिवासन जयललिता के दुश्मन नंबर वन हैं, क्योंकि वे डीएमके व करूणानिधि के करीबियों में शुमार होते हैं। यही वजह है कि चैन्ने में उनके उपर कई केस चल रहे हैं, वहीं आंध्र प्रदेश में जगन मोहन रेड्डी से उनकी नजदीकियों को लेकर उन पर एफआईआर भी दर्ज है। यूं तो आईपीएल में सट्टेबाजी की जांच कई राज्यों की पुलिस कर रही है पर इस मामले में दिल्ली पुलिस कमिश्नर नीरज कुमार की अतिसक्रियता कइयों को हैरान करने वाली है। सूत्र बताते हैं कि आईपीएल में जो कुछ हो रहा है इसको लेकर राहुल गांधी भी खासे परेशान हैं, पार्टी फोरम पर उन्होंने अपना मत स्पष्ट कर दिया है कि राजनेताओं को कम से कम खेल के खेल से अलग रहना चाहिए। क्या शुक्लाजी सुन रहे हैं? |
| Feedback |