नौकरशाही पर भगवा मुलम्मा

July 11 2023


देश के नौकरशाही भले ही इस बात पर लाख इतरा ले कि सारा राज-काज वही चला रहे हैं, तो वे कान खोल कर सुन लें कि सत्तारूढ़ भाजपा ने उन्हें अपने सांचे में फिट करने का पक्का बंदोबस्त कर लिया है। सूत्र बताते हैं कि भाजपा 2024 के चुनाव में 50 से ज्यादा मौजूदा या रिटायर्ड ब्यूरोक्रेट्स को चुनावी मैदान में उतार सकती है। सूत्र यह भी बताते हैं कि भाजपा के संगठन महासचिव बीएल संतोष और पार्टी महासचिव विनोद तावड़े की अगुवाई में एक टीम गठित की गई है, जिन्होंने देश भर में घूम-घूम कर ऐसे लोकप्रिय नौकरशाहों की शिनाख्त पूरी कर ली है। इस कड़ी में कुछ नाम उभर कर सामने आ रहे हैं, उनमें से एक नाम पूर्व आईएएस अधिकारी परवीन सिंह परदेसी का भी है, जो फिलहाल नीति आयोग की शोभा बढ़ा रहे हैं, उन्हें महाराष्ट्र के विदर्भ क्षेत्र से भाजपा का टिकट मिल सकता है। राधेश्याम मोपलवार जो मराठवाडा में पानी पंचायत से लोकप्रिय हुए थे, ये एकनाथ शिंदे की पसंद बताए जाते हैं, इन्हें भी चुनावी मैदान में उतारने की तैयारी है। वहीं परवीन सिंह परदेसी की निकटता देवेंद्र फड़णवीस से जगजाहिर है। इसके अलावा मुंबई के पूर्व पुलिस कमिश्नर परमबीर सिंह को हरियाणा या राजस्थान के किसी गुर्जर बहुल सीट से मैदान में उतारा जा सकता है। इनका नंबर यूपी या महाराष्ट्र से भी लग सकता है।

 
Feedback
 
Download
GossipGuru App
Now!!