गहलोत के पीछे सचिन |
October 31 2022 |
राजस्थान में हुई इतनी भारी सियासी उठा पटक की भीनी खुशबू शपथ ग्रहण समारोह में बिखरी नज़र आई। इतना कुछ होने के बाद भी राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत सबसे चहक कर मिल रहे थे, उनसे मिलने आने वाले नेताओं का तांता लगा था, जयराम रमेश जैसे नेता भले ही गहलोत से मिलने नहीं आए पर अपनी जगह बैठे-बैठे ही उन्होंने गहलोत को ’थम्स अप’ दे दिया। वहीं गहलोत के पीछे की पांत में बैठे सचिन पायलट एकदम तन्हा और खामोश नज़र आए। शुरू में उन्होंने अपने चेहरे पर मास्क लगा रखा था, पर जब मीडिया के कैमरे उन्हें अपनी जद में लेने लगे तो उन्होंने अपना मास्क उतार दिया। सचिन के साथ मोहन प्रकाश उनके बगलगीर थे। पर पार्टी के तमाम नेता बिलावजह सचिन से कन्नी काट रहे थे, उनसे कोई मिलने नहीं आ रहा था। मिलने तो शशि थरूर से भी कोई नहीं आ रहा था, जिन्होंने खड़गे से अध्यक्षीय मुकाबले में 1072 वोट जुटा लिए थे। पर थरूर आत्मविश्वास से लबरेज नज़र आ रहे थे। |
Feedback |