अपनी पुनर्वापसी को लेकर आश्वस्त बघेल

May 06 2023


छत्तीसगढ़ के कांग्रेसी मुख्यमंत्री भूपेश बघेल आने वाले विधानसभा चुनाव में अपनी पुनर्वापसी को लेकर खासे आश्वस्त जान पड़ते हैं। वैसे भी राज्य की प्रमुख विपक्षी पार्टी भाजपा अब भी वहां अपने रंग में नहीं दिख रही। भाजपा के राज्य में कद्दावर नेता और पूर्व मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह अपने स्वास्थ्यगत कारणों से प्रदेश की राजनीति में उतने एक्टिव नहीं दिख रहे। छत्तीसगढ़ के एक अन्य प्रमुख नेता और पीएम मोदी के बेहद करीबी माने जाने वाले नंद कुमार साय का हालिया दिनों में भाजपा छोड़ कर कांग्रेस ज्वॉइन कर लेने से भाजपा की उम्मीदें यहां और मद्दिम पड़ गई है। भाजपा शीर्ष ने भी अपनी ओर से राज्य में कई जनमत सर्वेक्षण करवाए हैं, इन तमाम सर्वेक्षणों में बघेल की लोकप्रियता में इजाफा ही दर्ज हुआ है। दरअसल, बघेल सरकार की एक के बाद एक लांच हुई लोक कल्याणकारी नीतियों व योजनाओं से वोटरों का एक नया वर्ग तैयार हो गया है, जो बतौर मुख्यमंत्री भूपेश बघेल को एक मौका और देना चाहता है। वहीं कांग्रेस में बघेल के प्रबल विरोधी माने जाने वाले टीएस सिंहदेव अब भी निरंतर भाजपा के संपर्क में बताए जाते हैं पर भाजपा की स्थानीय इकाई उनको लेकर बहुत उत्साहित नहीं है। स्थानीय भाजपा कार्यकर्ताओं को सिंहदेव की राजसी जीवनशैली रास नहीं आ रही, चूंकि सिंहदेव एक राज परिवार से ताल्लुक रखते हैं, सो राजनीति करने का उनका अंदाज भी किंचित दीगर है। वे ग्रासरूट की राजनीति में उस कदर फिट नहीं बैठते। सो, छत्तीसगढ़ में तो फिलवक्त ऐसा ही भान हो रहा है कि यहां की फिज़ाओं में कांग्रेस का जादू ही सिर चढ़ कर बोल रहा है।

 
Feedback
 
Download
GossipGuru App
Now!!