भाजपा का लक्ष्य सवा चार सौ सीटें

January 06 2024


2024 के आम चुनावों के लिए भाजपा का लक्ष्य सवा चार सौ सीटों पर जीत दर्ज कराने का है। 2019 के पिछले लोकसभा चुनाव में भाजपा ने कुल 543 में से सिर्फ 436 सीटों पर चुनाव लड़ा था जिसमें से पार्टी ने 303 सीटों पर जीत दर्ज की थी। इनमें से 160 सीटों पर पार्टी को हार का मुंह देखना पड़ा था और 51 सीटों पर भाजपा उम्मीदवारों की जमानत जब्त हो गई थी। गठबंधन धर्म के तहत तीन राज्यों यानी पंजाब, बिहार व महाराष्ट्र की 56 सीटों पर पार्टी ने अपने उम्मीदवार ही नहीं उतारे थे। भाजपा ने पंजाब की 13 में से 3, महाराष्ट्र की 48 में से 25 और बिहार की 40 में से मात्र 17 सीटों पर ही अपने उम्मीदवार उतारे थे। इस बार भाजपा की योजना पंजाब, बिहार व महाराष्ट्र की सभी सीटों पर अपने उम्मीदवार उतारने की है। इसके लिए संभावित उम्मीदवारों के नाम की सूची पार्टी अध्यक्ष जेपी नड्डा के पास पहुंचने लगी है। पश्चिम यूपी में भाजपा पहले रालोद के साथ गठबंधन करना चाहती थी, अब पार्टी ने मन बना लिया है कि वह वहां भी अकेले चुनाव लड़ेगी। सो, पश्चिमी यूपी में रालोद व सपा का प्रभाव कम करने के लिए भाजपा से जुड़े संगठन वहां के गांवों में हर सप्ताह धार्मिक कार्यक्रमों का आयोजन कर रहे हैं, जहां कार्यक्रम के बीच में मोदी सरकार की योजनाओं का बखान होता है।

 
Feedback
 
Download
GossipGuru App
Now!!