क्या संघ और भाजपा में सब ठीक है?

May 26 2024


पिछले काफी समय से सोशल मीडिया में ये खबरें तांक-झांक कर रही थीं कि भाजपा और संघ के बीच कुछ ठीक नहीं चल रहा। इस खटपट को मानो तब एक वैधता मिल गई जब भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने एक अंग्रेजी अखबार को दिए इंटरव्यू में बेहद साफगोई से कह दिया कि ’अब हमें पहले की तरह आरएसएस की जरूरत नहीं है, क्योंकि आज भाजपा और उसका संगठन स्वयं में सक्षम है। यही वजह है कि पार्टी आज अपने आपको चला रही है।’ तब इस बात की पड़ताल शुरू हो गई कि आखिर संघ और भाजपा में खटपट की असली वजह क्या है? सूत्रों की मानें तो मोदी और संघ नेतृत्व में आर्थिक नीतियों को लेकर कुछ मतभेद हैं। शायद यही वजह रही कि विदर्भ में अपने चुनाव प्रचार के दौरान मोदी नागपुर संघ मुख्यालय गए। एक तर्क यह भी दिया जा रहा है कि संघ अतिशय व्यक्तिवाद को नापसंद करता है और 2014 लोकसभा चुनाव में मोदी की ऐतिहासिक जीत के दो महीने बाद ही संघ प्रमुख भागवत ने कह दिया था कि ’भाजपा को जीत किसी एक व्यक्ति की वजह से नहीं मिली है।’ एक और तर्क यह भी दिया जा रहा है कि संघ चाहता था कि राम मंदिर बनवाने के लिए संसद से कानून पारित हो पर मोदी ने साफ कर दिया था कि इस मामले में सुप्रीम कोर्ट का फैसला ही मान्य होगा। अब नड्डा के ताज़ा बयानों ने संघ और भाजपा के इस असहज रिश्ते को सार्वजनिक करने का काम किया है।

 
Feedback
 
Download
GossipGuru App
Now!!