कैसे माने सिंहदेव?

July 11 2023


बाबा के नाम से मशहूर सरगुजा के महाराज व छत्तीसगढ़ के स्वास्थ्य मंत्री टीएस सिंहदेव को बघेल सरकार में उप मुख्यमंत्री बनाने का फैसला कांग्रेस हाईकमान के लिए किंचित आसान नहीं था। सूत्रों की मानें तो राज्य में मुख्यमंत्री का ढाई साल का टर्म नहीं मिलने से सिंहदेव अपने पार्टी हाईकमान से इस कदर नाराज़ थे कि उन्होंने चुनाव से ऐन पहले कांग्रेस छोड़ने का पक्का मन बना लिया था। सूत्रों की मानें तो सिंहदेव की बात आम आदमी पार्टी के संयोजक अरविंद केजरीवाल से हो चुकी थी और वे आसन्न राज्य चुनावों में कांग्रेस के जीत के मंसूबों पर झाड़ू लगाने को तैयार बैठे थे। कहते हैं इसके बाद राहुल करीबी कनिष्क सिंह हरकत में आए और उन्होंने आनन-फानन में सिंहदेव की बात राहुल से करवाई। फौरन सिंहदेव को दिल्ली तलब किया गया। कांग्रेस नेतृत्व को इस बात का डर सता रहा था कि सिंहदेव के बागी होने से सरगुजा संभाग की 14 सीटों पर इसका सीधा असर पड़ सकता है, इसके अलावा सरगुजा के आसपास की कोई दर्जन भर सीटों पर भी इसका प्रभाव पड़ सकता है। सो, सिंहदेव के दिल्ली पहुंचते ही उनकी राहुल गांधी, मल्लिकार्जुन खड़गे और छत्तीसगढ़ की प्रभारी कुमारी सैलजा के साथ कोई चार घंटे की मैराथन बैठक चली। इसके बाद कोई 45 मिनट खड़गे व राहुल गांधी अकेले में बैठे, फिर सिंहदेव को डिप्टी सीएम बनाने का अहम फैसला ले लिया गया।

 
Feedback
 
Download
GossipGuru App
Now!!