कितना चलेगा प्रियंका का दांव |
January 24 2022 |
प्रियंका गांधी ने यूपी में सुप्तप्रायः कांग्रेस में एक नई जान फूंकने की कोशिश की है, अपने वादे के मुताबिक प्रियंका ने कांग्रेस की पहली सवा सौ वाली लिस्ट में थोकभाव में महिला उम्मीदवारों को टिकट दिए हैं। जैसे उन्नाव से रेप पीड़िता की मां आशा सिंह को टिकट देने के प्रियंका के ऐलान के बाद सपा ने भी उन्नाव से अपना उम्मीदवार उतारने से मना कर दिया। सपा ने अपने इस कदम से लोगों में यह संदेश देने की कवायद की है कि वह दलित, दमित और शोषित वर्ग के समर्थन में खड़ी है। सूत्रों की मानें तो सपा को अपने इस कदम के फायदा उन्नाव की आसपास की सीटों पर मिल सकता है। प्रियंका ने सोशल एक्टिविस्ट सदफ ज़फर को लखनऊ मध्य से टिकट दिया है, जिन्होंने नागरिकता संशोधन कानून के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन से माहौल बना दिया था, बाद में सरकार ने उन्हें गिरफ्तार भी कर लिया था। पर इस कड़ी में प्रियंका के कुछ दांव उल्टे भी पड़ गए हैं। जहां जनता के बीच के चेहरों को टिकट देने के लिए उनकी प्रशंसा हो रही है, वहीं सलमान खुर्शीद की पत्नी लुईस खुर्शीद को कांग्रेस का टिकट देकर उन्होंने बवाल मोल ले लिया है। हालांकि प्रियंका करीबियों का दावा है कि लुईस को टिकट देने का प्रियंका का एक चतुराईभरा निर्णय है क्योंकि वह जानती हैं कि सलमान खुर्शीद के अखिलेश यादव से किंचित बहुत मधुर रिश्ते हैं, सो लुईस को टिकट देकर वे कांग्रेस के अंसतुष्ट गुट जी-23 के मंसूबों पर पानी भी फेरना चाहती हैं। वहीं कांग्रेस के एक वर्ग का मानना है लुईस बेहद अहंकारी स्वभाव की हैं, कांग्रेस का जमीनी कैडर उन्हें कभी स्वीकार नहीं कर पाता है। |
Feedback |