युवा होगी कांग्रेस |
July 01 2019 |
कांग्रेस का चेहरा-मोहरा बदलने की कवायद शुरू हो चुकी है। राहुल गांधी ने महीने भर पहले जिस बात का आह्वान किया था, अब थोकभाव में कांग्रेस कमेटियों और कांग्रेसी नेताओं के इस्तीफों के दौर शुरू हो गए हैं। राहुल के घर तक भी यह आंच आ पहुंची है, उनके अति प्यारे के.राजू की भी राहुल दरबार से छुट्टी हो गई है। पर कौशल विद्यार्थी, अलंकार और संदीप सिंह अभी भी राहुल के साथ बने हुए हैं। राहुल अब भी इस बात पर अडिग हैं कि अध्यक्ष पद से दिया गया अपना इस्तीफा वह वापिस नहीं लेंगे। सो, कहते हैं सोनिया गांधी की ओर से ए.के.एंटोनी के नाम का सुझाव आया है, जिनके बारे में माना जाता है कि वे मनमोहन सिंह की तरह ही गांधी परिवार के बेहद वफादार हैं जो कभी परिवार से बाहर नहीं जा सकते और वे इतने उम्र दराज भी नहीं। पर राहुल समेत कांग्रेस के युवा नेताओं का मानना है कि पार्टी को एक ऐसा अध्यक्ष चाहिए जो नए सिरे से कांग्रेस की शुरूआत कर सके। राहुल ने यह भी तय किया है कि पार्टी संगठन के विभिन्न पदों पर आधे से ज्यादा नेताओं की उम्र 40 से कम होनी चाहिए। महिलाओं को भी पार्टी संगठन में जगह देने की बात हो रही है। जमीनी स्तर के कार्यकर्ताओं व नेताओं को पार्टी संगठन में शामिल किए जाने पर बल दिया जा रहा है। कांग्रेस पार्टी बूथ से लेकर प्रदेश स्तर तक नया संगठन खड़ा करने की कवायद में जुट गई है। नए संगठनों में एनएसयूआई, यूथ कांग्रेस, महिला कांग्रेस, सेवा दल जैसे संगठनों में काम करने वाले नेताओं को भी मौका दिया जा रहा है। राहुल यह भी चाहते हैं कि यूथ कांग्रेस, सेवा दल, एनएसयूआई, महिला कांग्रेस के चेहरे-मोहरे को भी बदला जाए। और इनके लिए नए सिरे से सदस्यता अभियान चलाया जाए। सोच अच्छी है, परवान चढ़े तो बात बने। |
Feedback |