भाजपा में शामिल होने के लिए कांग्रेस में भगदड़, कमलनाथ, बीके व राणे भी कतार में |
April 24 2017 |
जिसकी जितनी ऊंची छतरी, उसकी उतनी धाक, चुगने वाले सारी गर्मी ऊपर ही ऊपर चुग बैठे, हमने जलाई थी आग, पर मुट्ठी आई राख!’ कवयित्री अनामिका से उधार ली गई इन चंद पंक्तियों से अपनी बात शुरू करता हूं कि बदले सियासी परिदृश्य में मोदी की बम-बम है। कांग्रेस समेत अन्य दलों में भगदड़ मची है, तमाम नेताओं को सिर्फ भाजपा में ही फिलवक्त अपना भविष्य दिख रहा है। सो, बीजेपी में शामिल होने की मारा मारी है, बात सिर्फ अरविंदर सिंह लवली या बरखा सिंह जैसे दिल्ली के नेताओं की नहीं है। कांग्रेस के कई दिग्गज नेताओं की भाजपा में शामिल होने की अटकलें उफान पर हैं, भाजपा से जुड़े सूत्र खुलासा करते हैं कि कांग्रेस के दिग्गज नेता कमलनाथ, नारायण राणे, बी.के हरि प्रसाद जैसे सीनियर भी भाजपा शीर्ष नेतृत्व के निरंतर संपर्क में हैं। कमलनाथ की नाराजगी इस बात को लेकर हो सकती है कि कांग्रेस नेतृत्व मध्य प्रदेश में ज्योतिरादित्य सिंधिया को ज्यादा तरजीह दे रहा है, वैसे भी मध्य प्रदेश में कांग्रेस पहले से कई खेमों में बंटी है। कहते हैं कमलनाथ को भाजपा में लाने की जमीन सहारनपुर के भाजपा सांसद, राघव लखनपाल (जो कमलनाथ के नजदीकी रिश्तेदार भी हैं) तैयार कर रहे हैं, जिन्होंने महाराष्ट्र की एक भगवा सांसद के मार्फत अमित शाह से संपर्क साधा है। बात सिर्फ इस पर अटकी है कि कमलनाथ के चाहने वाले उनके लिए राज्यसभा और केंद्र में मंत्रिपद चाहते हैं, भाजपा आलाकमान को यह मांग थोड़ी ज्यादा लग रही है। महाराष्ट्र के ओबीसी नेता नारायण राणे के बारे में कहा जाता है कि उन्होंने काफी पहले से भाजपा से अपने तार जोड़ रखे हैं, उन्हें इंतजार बस एक सही वक्त का है। सबसे हैरतअंगेज नाम तो गांधी परिवार की कोटरी की राजनीति करने वाले बी.के. हरि प्रसाद का है, अब भाजपा के लिए वे क्या कर पाएंगे सवाल यही सबसे बड़ा है, पर अगर कांग्रेस का इतना बड़ा जहाज अगर सचमुच डूबने लगा है तो चूहे सबसे पहले भागेंगे ही। |
Feedback |
Download GossipGuru App Now!! |
||||
![]() |
||||
![]() |
||||
|
||||